पोप लियो 14वें : वैवाहिक प्रेम जीवनभर के लिए अथक और वफादार ‘हाँ’
पोप लियो 14वें ने “YOUCAT: Love Forever” किताब के नए संस्करण के लिए प्रस्तावना लिखी है। यह किताब युवाओं को काथलिक धर्म के आलोक में प्यार, रिश्तों और शादी पर चिंतन हेतु मदद करेगी।
पोप ने लिखा, “प्यारे युवा दोस्तों, आपका दिल प्यार के लिए तरसता है। एक ऐसा प्यार जो गहरा, त्याग करनेवाला और हमेशा बना रहनेवाला हो। यह चाहत कोई इत्तेफाक नहीं है। यह इस बात की निशानी है कि आप प्यार के लिए बने हैं। संत अगुस्टीन कहते हैं: “हे ईश्वर, हमारा हृदय तब तक बेचैन रहता है जब तक कि वह तुझमें विश्राम न कर ले।” ( कनफेसंस 1:1) इसमें, उन्होंने उस दिव्य प्यार की चाहत जाहिर की है जो ईश्वर सच में हमारी आत्माओं में तब डालते हैं जब हम उनके साथ जुड़ते हैं। जी हाँ, ईश्वर खुद मानवीय प्यार में उपस्थित हो सकते हैं और उसे बदल सकते हैं। फिर वे हमें वैसा ही प्यार करने की क्षमता देते हैं जैसा वे करते हैं: सेवा में, दिल खोलकर खुद को देकर और, जब जरूरी हो, तो माफ करने में। क्योंकि ईश्वर प्रेम हैं, और उन्होंने आपको प्यार करने के लिए बनाया है – उन्हें और आपके साथ के लोगों को।
मानव प्यार के सभी रूपों में, एक पुरूष और एक महिला के बीच का प्यार एक खास जगह रखता है। यह दिल पर तीर की तरह वार कर सकता है – बहुत तीव्रता से और तेजी से। फिर भी सच्चा प्यार यहीं खत्म नहीं होता। यह सिर्फ कुछ देर के लिए उभरनेवाली भावना नहीं है। यह उससे कहीं बढ़कर है। यह दूसरे के लिए एक गहरा समर्पण है, एक फैसला है, एक सफर है और जीवनभर का वादा है। “प्यार तभी सच्चा होता और हमेशा बना रह सकता है, जब यह ईश्वर की हमेशा रहनेवाली खूबसूरती को दिखाता है – ईश्वर जो प्रेम हैं (1 यो. 4:8)। मजबूत और अच्छे रिश्ते आपसी भरोसे पर, इस ‘हमेशा’ पर बनते हैं जो पारिवारिक जीवन और धार्मिक समर्पण के हर कार्य का केंद्र है” (लेबनान में युवाओं के साथ मीटिंग के दौरान भाषण)। यह प्रेम सबसे पहले पूछता है: “मैं ख्रीस्त के समान प्यार कैसे कर सकता हूँ?” (यो. 15:12) और अंत में यह सवाल पूछता है कि “मुझे इससे क्या मिलेगा?”
शादी ईश्वर के रहस्य के बारे बताती है। जब एक पुरूष और एक नारी प्यार में एक-दूसरे को पूरी तरह समर्पित कर देते हैं, तो ईश्वर उनके बीच निवास करते हैं। उनकी वफादारी, उनकी माफी, अच्छाई के लिए उनकी रोज की कोशिश, मसीह की अपनी कलीसिया के लिए प्यार की झलक है। यह शायद एक रोमांटिक बढ़ा-चढ़ाकर कही गई बात लगे, लेकिन यह असलियत के बारे में एक गहरी सच्चाई है: “उसमें, जो एक है, हम एक हैं।”
प्यारे युवाओ, ईश्वर आपको इस महान प्यार के लिए बुला रहे हैं। इसकी गहराई से नहीं डरें! क्योंकि जिस प्यार के लिए आपको बुलाया गया है, वह मुश्किलों को पार करने के लिए काफी मजबूत है, और इतना बड़ा है कि आपकी पूरी जिंदगी आपको सहारा दे सकता है। यह पूर्ण नहीं है, लेकिन यह विश्वास की रोशनी में बढ़ता है। सच्चा प्यार ईश्वर का वरदान है, और हम इसे खुद नहीं बना सकते। जहाँ इंसानी प्यार अक्सर मतलबी इच्छाओं से भरा होता है, वहीं दूसरी ओर, ईश्वर का प्यार निःस्वार्थ, सहनशील और धैर्यशील होता है और उसमें वे सभी अच्छे गुण होते हैं जो पौलुस ने अपने पत्र में कोरिंथियों (1 कोर. 13) को बताए हैं।
जब हम येसु ख्रीस्त के क्रूस को देखते हैं, तो हमें सच्चे प्यार की सबसे खूबसूरत तस्वीर दिखती है। जो हमसे इतना प्यार करते हैं कि वे हमारे लिए मरने को तैयार हो गये। यह ख्रीस्तीयता का “DNA” है, ख्रीस्त की आज्ञा है : “एक दूसरे से प्यार करो जैसा मैंने तुमसे प्यार किया है। इससे बड़ा कोई प्यार नहीं कि कोई अपने दोस्तों के लिए अपनी जान दे दे।” (यो. 15:12–13)
पोप ने लिखा, यह किताब, YOUCAT: Love Forever, इस सफर में आपका साथ देने का मकसद रखती है। आप जैसे 30 से अधिक अलग-अलग देशों के युवाओं ने इसमें अपनी बातें साझा की हैं, यह दिखाते हुए कि ख्रीस्त हमें जिस आदर्श की ओर बुलाते हैं, वह एक दिलचस्प खजाना है। यह किताब आपको एक ऐसी योजना के लिए अपना दिल खोलने के लिए बुलाती है जो किसी भी मानवीय सपना से बड़ा है। यह एक “हाँ” की तैयारी का काम करती है जो सिर्फ एक दिन के लिए नहीं, बल्कि पूरे जीवन के लिए है – ईश्वर के प्यार की तरह एक “हाँ”, जो कभी न थकनेवाला और भरोसेमंद है।
पोप ने कहा, मैं आपके लिए प्रार्थना करता हूँ जो यह किताब पढ़ रहे हैं, जो हमारे प्यारे पोप फ्रांसिस से प्रेरित है। येसु मसीह आपके दिलों को तब तक झकझोरते रहें जब तक उन्हें उनमें शांति न मिल जाए। पवित्र आत्मा आपकी रोशनी और आपकी ताकत बने। और आप, खूबसूरत प्यार की माँ, मरियम की तरह, सभी कामों में सबसे खूबसूरत काम: प्यार करने के काम पर भरोसे और हिम्मत से जवाब दें।
