मिशन रविवार पर पोप : सुसमाचार प्रचार हमेशा एक प्रेम का कार्य

100वें विश्व मिशन रविवार के लिए एक वीडियो संदेश में, पोप लियो 14वें ने विश्वासियों को उनकी प्रार्थनाओं और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है एवं याद किया कि कैसे उन्होंने उनके काम को आगे बढ़ाने और पेरू में उनके मिशनरी काम को बनाए रखने में मदद की।

पोप लियो 14वें ने 18 अक्टूबर 2026 को मनाए जानेवाले 100वें विश्व मिशन रविवार के अवसर पर एक वीडियो संदेश भेजा है। अपने वीडियो में, वे “एक मसीह में, एक मिशन में” विषय पर बात करते हैं और उन सभी का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने पिछली सदी में इस वार्षिक समारोह को सहयोग दिया।

वे अपना संदेश 100 साल पहले पोप पीयुस 11वें के विश्व मिशन रविवार (वर्ल्ड मिशन संडे) शुरू करने के बाद से कलीसिया को मिले “बहुत सारे फलों” के लिए ईश्वर को धन्यवाद देकर शुरुआत करते हैं।

पोप याद करते हैं कि उनके पूर्वाधिकारी संत पापाओं ने हर धर्मप्रांत और पल्ली में मिशनरी काम के बारे में जागरूकता बढ़ाने, धर्म प्रचार और मिशनरी कामों के लिए प्रार्थना को बढ़ावा देने एवं परमधर्मपीठ मिशन सोसाइटीज़ के काम को समर्थन देने की कोशिश की थी।

इसके बाद पोप लियो बताते हैं कि इन कोशिशों ने उनके अपने काम को बनाने में कैसे मदद की।

वे कहते हैं, "अपनी जवानी को याद करता हूँ, तो मैं देख सकता हूँ कि फसल के ईश्वर के लिए की गई प्रार्थनाओं ने कैसे रहस्यमय तरीके से मेरे हृदय को येसु के बुलावे को सुनने के लिए तैयार किया ताकि मैं एक अगुस्तीनी मिशनरी के रूप में उनका अनुसरण कर सकूँ।" वे आगे कहते हैं कि विश्वासियों की प्रार्थनाओं और योगदान ने पेरू में उनके मिशनरी काम और दुनियाभर के अनगिनत दूसरे मिशनरियों के काम को बनाए रखा। वे आगे कहते हैं, "इसी वजह से, मैं उन सभी का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ जिन्होंने इतने वर्षों में विश्व मिशन रविवार को सहयोग दिया है।"

मसीह में एक परिवार
इस साल की विषयवस्तु पर आते हुए, पोप लियो मसीह का अनुसरण करने में कलीसिया की एकता को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर देते हैं, खासकर मुक्ति के सुसमाचारी संदेश को फैलाने के लिए एक आम प्रतिबद्धता के द्वारा।

वे समझाते हैं कि बपतिस्मा के माध्यम से, हर व्यक्ति मसीह के शरीर का अंग बन जाता है और "येसु के मुक्तिदायी कार्य में योगदान देने में उसकी एक खास भूमिका होती है।"

"हमारे प्रभु हमें पवित्र आत्मा की मदद से एक परिवार के रूप में सहयोग करने के लिए बुलाते हैं, ताकि हर कोई हर जगह मसीह में विश्वास की एकता में आ सके।"

प्रेम का मिशन
पोप ने 25 जनवरी 2026 को 100वें विश्व मिशन रविवार के लिए अपने संदेश में की गई अपील को दोहरायी है, और सभी को अपने काम और मिले वरदानों के अनुसार योगदान देने के लिए आमंत्रित किया है।

उन्होंने आग्रह करते हुए कहा है, “आइए हम सब सुसमाचार प्रचार के महान मिशन में योगदान देने का संकल्प करें — जो हमेशा प्यार का काम होता है।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रार्थना और व्यवहारिक मदद, “ईश्वर के प्रेम का सुसमाचार सभी तक, खासकर सबसे गरीब और सबसे अधिक जरूरतमंद लोगों तक” पहुँचाने में मदद करती है।

अपने वीडियो संदेश के अंत में, पोप लियो ने उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया है जो विश्व मिशन रविवार की विरासत को आगे बढ़ाने और दुनियाभर में कलीसिया के सुसमाचार प्रचार मिशन को दिल खोलकर समर्थन करने के लिए करेंगे।

hindi Survey Popup Image