पोप : पूरे ईरानी लोगों के खिलाफ खतरा मंज़ूर नहीं है
कास्टेल गंडोल्फो में पत्रकारों को संबोधित करते हुए, पोप लियो 14वें ने "सभी अच्छे लोगों से हमेशा शांति की तलाश करने और युद्ध को नकारने" और शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत की टेबल पर लौटने का आह्वान किया और कहा कि रिहायशी भवनों पर हमले अंतर्राष्ट्रीय कानून के खिलाफ हैं।
"हमेशा शांति की तलाश करें और युद्ध को अस्वीकार करें।" पोप लियो 14वें ने मंगलवार शाम को कास्टेल गंडोल्फो में विला बारबेरिनी के बाहर उनका इंतज़ार कर रहे पत्रकारों के एक दल को दिए एक छोटे से बयान में शांति की अपनी अपील को दोहराया।
ईरान के खिलाफ अमेरिका-इज़राइल युद्ध और अमेरिका के राष्ट्रपति की मंगलवार रात को "पूरी ईरानी सभ्यता" को खत्म करने की धमकी की पृष्ठभूमि में, अगर तेहरान व्हाइट हाउस द्वारा होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए डील पर पहुंचने हेतु तय की गई डेडलाइन का पालन नहीं करता है, तो पोप बस एक बार फिर वही कहना चाहते हैं जो उन्होंने रविवार को अपने उर्बी एत ओर्बी संदेश में कहा था, "सभी अच्छे लोगों से हमेशा शांति की तलाश करने और हिंसा नहीं करने, युद्ध को अस्वीकार करने के लिए कहा - खासकर ऐसे युद्ध को जिसे कई लोगों ने अन्यायपूर्ण कहा है, जो लगातार बढ़ रहा है और जिससे कुछ भी हल नहीं हो रहा है।"
उन्होंने कहा, “आज, जैसा कि हम सब जानते हैं, ईरान के सभी लोगों के खिलाफ भी यह खतरा है। और यह सच में स्वीकार्य नहीं है! यहाँ निश्चित रूप से अंतरराष्ट्रीय कानून के मुद्दे हैं, लेकिन इससे भी ज़्यादा, यह एक नैतिक सवाल है जो पूरी तरह से लोगों की भलाई से जुड़ा है।”
पोप ने लड़ाई के बड़े नतीजों पर रोशनी डालते हुए कहा, "हमारे पास दुनिया भर में आर्थिक संकट, उर्जा संकट और मध्य पूर्व में बहुत ज़्यादा अस्थिरता की स्थिति है, जो पूरी दुनिया में और ज़्यादा नफ़रत फैला रही है।"
इस तरह, पोप लियो ने अपील करते हुए कहा, " बातचीत के टेबल पर वापस लौटें। आइये, शांतिपूर्ण तरीके से हल ढूंढें।"
पोप ने उन सभी को याद किया जिन्हें लड़ाई में गलत तरीके से नुकसान पहुंचाया जा रहा है। संत पापा ने कहा, "आइए, खास तौर पर मासूमों को याद रखें: बच्चे, बूढ़े, बीमार, बहुत सारे लोग जो पहले ही इस लगातार लड़ाई का शिकार हो चुके हैं, या होंगे—और सभी को याद दिलाएं कि रिहायशी भवनों पर हमले अंतर्राष्ट्रीय कानून के खिलाफ हैं और वे उस नफरत, बंटवारे और तबाही की भी निशानी हैं जो इंसान कर सकता है।"
पोप ने दोहराया कि "हम सभी शांति के लिए काम करना चाहते हैं। लोग शांति चाहते हैं," और उन्होंने सभी लोगों से अपनी ओर से शांति के लिए काम करने की अपील की।
पोप लियो ने अंत में कहा, "मैं इसमें शामिल सभी देशों के नागरिकों को आमंत्रित करना चाहता हूँ, कि वे अधिकारियों—राजनीतिक नेताओं और सांसदों—से संपर्क करें, उनसे कहें, उन्हें बताएं कि वे शांति के लिए काम करें और लड़ाई और हिंसा को अस्वीकार करें। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।"