पोप लियो ने वीडियो संदेश के द्वारा विश्व युवा दिवस का रजिस्ट्रेशन शुरू किया
विश्व युवा दिवस का शुभारंभ करनेवाले, पोप जॉन पौल द्वितीय के पर्व दिवस पर पोप लियो 14वें ने दुनियाभर के युवाओं को एक संदेश भेजकर, उन्हें विश्व युवा दिवस सियोल 2027 के लिए पंजीकरण करने का प्रोत्साहन दिया है जो “एकता की अधिक बड़ी भावना का अनुभव प्रदान करेगा, क्योंकि हम सभी मसीह के एक शरीर के सदस्य हैं।”
दक्षिण कोरिया के सियोल में होनेवाले विश्व युवा दिवस का एक साल से भी कम समय बचा है, और उसका नामंकन आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। पोप लियो 14वें ने दुनिया भर के युवाओं को इसके लिए नामांकन कराने का प्रोत्साहन दिया है, लेकिन कहा है कि यह सिर्फ “एक नया शहर देखने” के लिए नहीं बल्कि, “विश्वास, दोस्ती और उम्मीद की तीर्थयात्रा पर निकलने का निमंत्रण है।”
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा, अलग अलग जगहों पर ख्रीस्तीय पवित्र स्थलों को खोजने और कलीसिया में व्यक्तिगत और सामुदायिक भावना के साथ ईश्वर से गहरे रूप में मिलने के लिए समय और जगह पाने का मौका देती है।
17वाँ विश्व युवा दिवस दुनियाभर के युवाओं के लिए एक जगह मिलने का मौका होगा, जो भाषाओं और संस्कृतियों से समृद्ध और खूबसूरत अंतर को दिखाएगा।
पोप ने जोर देकर कहा, “इन विषमताओं के बावजूद, और असल में ईश्वर की दी हुई अलग-अलग चीजों की वजह से, आप एकता का और भी अधिक एहसास महसूस करेंगे, क्योंकि हम सब ख्रीस्त के एक ही शरीर के सदस्य हैं।”
पोप लियो ने बताया कि युवाओं के लिए विश्व युवा दिवस 2027 उनके विश्वास को और गहरा करने एवं ख्रीस्त में अपने भाइयों और बहनों से मिलने का एक मौका होगा। उन्होंने अपनी इच्छा जाहिर की कि वे “खूबसूरत यादें बनाएंगे और ऐसी दोस्ती करेंगे जो जीवनभर बनी रहेगी।”
अपनी उम्मीदें, मुश्किलें और सपने साथ लाएँ
सियोल की विषयवस्तु है “हिम्मत रखो! मैंने दुनिया जीत ली है”। आज, 22 अक्टूबर, पोप सेंट जॉन पॉल द्वितीय का पर्व है, जिन्होंने दुनिया को यह संदेश दिया था, “डरो मत। ख्रीस्त के लिए द्वार खोलो।”
विश्व युवा दिवस शुरू करनेवाले पोप के ये शब्द आज भी सभी लोगों के लिए सच हैं। इसे ध्यान में रखते हुए, पोप लियो ने युवाओं को चुनौती दी कि “आप जो कुछ भी हैं और जो कुछ भी आपके दिल में है, उसे साथ लाएँ, जिसमें आपके सपने, आपकी इच्छाएँ और उम्मीदें, साथ ही आपके घाव और मुश्किलें भी शामिल हैं।”
पोप ने जोर देकर कहा कि ईश्वर विश्व युवा दिवस में आपका इंतजार कर रहे हैं। वे आपमें से हरेक को नाम से बुलाते हैं, वे "आपकी उम्मीद को फिर से जगाना चाहते हैं और आपको जीवन एवं खुशी की पूर्णता प्रदान करना चाहते हैं।"
उन्होंने अपने वीडियो संदेश के अंत में कहा कि वे सियोल में सभी से मिलने और सभी युवाओं एवं उनके प्रियजनों को अपना आशीर्वाद देने का इंतजार कर रहे हैं।
