पोप : ‘युवाओं के दिल मसीह के प्यार को पाने के लिए तरस रहे हैं’
पोप लियो 14वें ने जीसस यूथ अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के सदस्यों से मुलाकात की और युवाओं को ख्रीस्त के प्यार को खोजने में मदद करके कलीसिया के जीवन से जोड़ने की उनकी कोशिशों की तारीफ की।
पोप लियो 14वें ने शनिवार को जीसस यूथ इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेनेवालों से मुलाकात की, जो इस कलीसियाई संघ के साथ उनकी पहली मुलाकात थी।
अपने संदेश में, पोप ने इस “खास मुलाकात” के लिए अपनी सराहना व्यक्त की, जो भारत के केरल में इस आंदोलन के शुरू होने के 40 साल बाद हुई।
पिछले 3 सालों में, जीसस यूथ आंदोलन के सदस्यों ने आगे का रास्ता तय करने के लिए सिनॉडल तरीके से लंबी बातचीत की है।
शुक्रवार, 23 अक्टूबर को, लोकधर्मी, परिवार और जीवन के लिए गठित विभाग ने जीसस यूथ के बदले हुए नियमों को आधिकारिक मंजूरी दी, जो मई 2016 में वाटिकन से इसे विश्वासियों के एक अंतरराष्ट्रीय संघ के रूप में मान्यता मिलने के एक दशक बाद हुआ।
पोप लियो ने याद दिलाया कि जीसस यूथ भारत में युवाओं की पहल से, करिश्माई नवीनीकरण के हिस्से के रूप में शुरू हुआ था।
उन्होंने कहा, “कलीसिया में हर असली नयेपन की शुरुआत येसु के प्यार को खुद में महसूस करने से होती है।” “इस तरह अलग-अलग प्रार्थना दल के सदस्यों को एक साथ आने की जरूरत महसूस हुई ताकि वे अपने जोश और अपनी कोशिशों को किसी ऐसी चीज में लगा सकें जो उनके नए आध्यात्मिक और मिशनरी जोश को बनाए रख सके और निर्देशित कर सके।”
पोप ने आगे कहा कि जैसे-जैसे जीसस यूथ कलीसिया की अपनी यात्रा में परिपक्व होता है, सदस्यों को नई चुनौती लेने और नये फल लाने के लिए आमंत्रित किया जाता है।
पोप लियो ने उन युवाओं की ओर इशारा किया जो खुशी-खुशी विश्वास के गवाह बने हैं, खासकर अजना जॉर्ज, जिनके बारे में उन्होंने कहा कि यूखरिस्त में उपस्थित येसु के लिए उनके प्यार ने उनकी बीमारी और मुश्किलों में उन्हें सहारा दिया।
उन्होंने कहा, “अपने प्रेरितिक उत्साह को न खोयें, बल्कि इसे बढ़ावा दें और नए देशों तक ले जायें।” “जो सिर्फ येसु ख्रीस्त पर नजर रखने से ही संभव है।”
पोप ने कहा कि जीसस यूथ कई ऐसे इलाकों में मौजूद है जहाँ ख्रीस्तीय अल्पसंख्यक हैं, और कहा कि उनकी ख्रीस्तीय साक्ष्य दूसरों को ख्रीस्त के प्यार को खोजने की उनकी गहरी इच्छा को समझने में मदद कर सकती है।
उन्होंने इस आंदोलन को युवाओं के लिए विवाह, पुरोहिताई और समर्पित जीवन की बुलाहटों को खोजने में मदद करने के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने कहा, “युवाओं को यह जानने की जरूरत है कि उनका जीवन महान और सुंदर है क्योंकि वे ईश्वर की बड़ी योजना के हिस्से हैं।”
अंत में, पोप लियो ने जीसस यूथ मूवमेंट के सदस्यों को अपनी “युवा ताजगी और विश्वास के लिए जोश” बनाए रखने का प्रोत्साहन दिया, साथ ही रीति-रिवाजों में अंतर से होनेवाली किसी भी कठिनाई को धैर्य से पार करने के लिए प्रेरित किया।
पोप ने कहा, “अपनी एकता को बनाए रखने की कोशिश करें, खासकर सामाजिक पृष्टभूमि, संस्कृति और भाषाओं की बड़ी विविधता के बीच जो उनके आंदोलन की पहचान हैं।”
