कार्डिनल चर्नी ने युद्ध में एआई के इस्तेमाल के लिए मानवीय जवाबदेही पर ज़ोर दिया

बुल्गारिया में पोप लियो 14वें के 'मग्निफिका ह्यूमानितास' को पेश करते हुए, कार्डिनल माइकेल चर्नी ने इस बात पर चर्चा की कि संत पापा 'न्यायपूर्ण युद्ध' के सिद्धांत को पुराना क्यों मानते हैं, युद्ध में एआई का इस्तेमाल होने पर ज़िम्मेदारी किसकी होती है, और शांति स्थापित करने का काम कहाँ से शुरू होता है।

समग्र मानव विकास को बढ़ावा देने के लिए गठित विभाग के सेवानिवृत प्रीफेक्ट कार्डिनल माइकेल चर्नी, एस.जे. ने 17 नवंबर को सोफिया में कहा, "मनुष्यों को उनकी प्रौद्योगिकियों द्वारा फैलाई जाने वाली किसी भी हिंसा और विनाश के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार होना चाहिए।"

उन्होंने कहा, घातक बल के बारे में निर्णय मानव हाथों में रहना चाहिए और इसे बनाने वाले लोगों की पहचान करना हमेशा संभव होना चाहिए।

कार्डिनल ने बुल्गारिया में बुल्गेरियाई विज्ञान अकादमी और प्रेरितिक राजदूतावास द्वारा सह-आयोजित एक सभा में बात की, जहां उन्होंने युद्ध और शांति पर विशेष ध्यान देने के साथ, संत पापा लियो 14वें के पहले विश्वपत्र ‘मग्निफिका ह्यूमनितास’ को प्रस्तुत किया।

कार्डिनल चर्नी ने बाइबिल से जुड़ी निर्माण की दो घटनाओं का ज़िक्र किया। बाबेल में, निर्माण करने वालों के पास एक साझा योजना थी और उसे पूरा करने का कौशल भी था। लेकिन अपनी किस्मत को खुद नियंत्रित करने की उनकी चाहत ने उन्हें बिखेर दिया और उनका मीनार अधूरा ही रह गया।

जब येरूसालेम के लोग निर्वासन से वापस लौटे, तो हर परिवार ने शहर की दीवार के एक हिस्से को फिर से बनाने की ज़िम्मेदारी ली। उन्हें ईश्वर की प्रतिज्ञा पर भरोसा था, और हर परिवार एक-दूसरे के काम पर निर्भर था।

कार्डिनल ने कहा, "बाबेल और येरूसालेम के बीच का अंतर उस इच्छा में है, जो निर्माण के काम को दिशा देती है।"

यही सवाल तब भी उठता है जब लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को डिज़ाइन करते हैं और उसका इस्तेमाल करते हैं। "ये उपकरण किस तरह की दुनिया, किस तरह की सभ्यता बनाने में मदद करते हैं?"

कार्डिनल चर्नी ने चेतावनी दी कि "न्यायपूर्ण युद्ध" शब्द का इस्तेमाल अक्सर आक्रामकता को सही ठहराने के लिए बहुत हल्के ढंग से किया जाता है, जबकि आज के हथियार पहले से कहीं ज़्यादा विनाशकारी हो गए हैं।

उन्होंने बताया कि पोप लियो ने "आत्मरक्षा के अधिकार" को पूरी सख्ती के साथ बरकरार रखा, जबकि साथ ही यह भी कहा कि "न्यायपूर्ण युद्ध" का सिद्धांत अब पुराना हो चुका है। कार्डिनल चर्नी ने बताया कि इसके बजाय, संत पापा ने संघर्षों को सुलझाने के लिए बातचीत, कूटनीति और क्षमा की संभावनाओं पर जोर दिया।

कार्डिनल ने उस चेतावनी का जिक्र किया जो इस दस्तावेज़ में दी गई है: जब सरकारें अपने रणनीतिक हितों को साधने में लगी होती हैं, तो युद्ध झेल रहे लोगों की पीड़ा कहीं पीछे छूट जाती है। यह सोच तब पनपती है जब समाज युद्ध को अपरिहार्य मानने लगता है, और जो लोग बातचीत के जरिए शांति चाहते हैं, उन्हें अव्यावहारिक मानकर खारिज कर देता है।

कार्डिनल चर्नी ने संत पापा लियो द्वारा बताए गए तीन मानदंडों की ओर ध्यान दिलाया।

उन्होंने कहा कि पहला मानदंड यह है कि जिम्मेदारी की पूरी श्रृंखला "पहचान योग्य और सत्यापित करने योग्य" होनी चाहिए—इसमें वे लोग शामिल हैं जो किसी प्रणाली को डिज़ाइन करते हैं और उसे प्रशिक्षित करते हैं, साथ ही वे भी जो उसे अधिकृत करते हैं और उसका इस्तेमाल करते हैं।

दूसरा मानदंड, जो लोग घातक बल का इस्तेमाल करने का फैसला लेते हैं, उन्हें सही निर्णय लेने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। जल्दबाजी या कार्यकुशलता के आधार पर ऐसा कोई फैसला नहीं लिया जाना चाहिए जिसे बाद में बदला न जा सके।

तीसरा मानदंड आम नागरिकों को लड़ाकों से अलग माना जाना चाहिए और उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए। साथ ही, उनके जीवित रहने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे की भी रक्षा की जानी चाहिए।

कार्डिनल चर्नी के लिए, इस जिम्मेदारी का एक व्यक्तिगत पहलू भी है। संत पापा लियो ने "हृदय, मन और जीवन के निरस्त्रीकरण" का आह्वान किया था। यह बात हमारे रोजमर्रा के मेल-जोल पर भी लागू होती है, जहाँ हमारे चुने गए शब्द और तस्वीरें भी नुकसान पहुँचा सकती हैं।

कार्डिनल चर्नी के शब्दों में, "युद्ध और शांति, दोनों की जड़ें हमारे भीतर ही होती हैं। इसलिए, हर इंसान को अपने दिल में पनप रही आक्रामकता को शांत करने की जरूरत है।"

hindi Survey Popup Image