रूसी हमलों के बाद यूक्रेन ने क्रीमिया पुल पर हमला किया
यूक्रेन का कहना है कि उसके बलों ने लगातार दूसरे दिन उस पुल पर हमला किया, जो रूस के कब्जे वाले क्रीमिया को रूस से जोड़ता है। यह हमला कीव और यूक्रेन के अन्य हिस्सों पर रूस द्वारा किए गए हमलों के बाद हुआ है। इस बीच, यूक्रेन, अमेरिका और यूरोपीय अधिकारी युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत कर रहे हैं।
यूक्रेन का कहना है कि मंगलवार को यूक्रेनी सेना के हमले के बाद, रूस के कब्जे वाले क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले सड़क पुल का एक हिस्सा ढह गया।
क्रीमिया में रूस द्वारा नियुक्त गवर्नर ने बताया कि इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और यातायात रोक दिया गया। बाद में रेल सेवाएं बहाल कर दी गईं।
यह पुल केर्च जलडमरूमध्य पर बना है और रूसी सेना के लिए आपूर्ति मार्ग के रूप में काम करता रहा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस हमले को, यूक्रेन के बुनियादी ढांचे पर रूस द्वारा किए गए हमलों का जवाब बताया है।
कीव में जोरदार धमाके
इससे कुछ घंटे पहले, कीव में जोरदार धमाके सुनाई दिए। मेयर विताली क्लिट्स्को ने बताया कि रूसी सेना ने नीपर नदी पर बने राजधानी के उत्तरी और दक्षिणी पुलों को निशाना बनाया।
उन्होंने आगे कहा कि इस हमले से मेट्रो प्रणाली का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हो गई और अधिकारियों को यातायात पर प्रतिबंध लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
यूक्रेन के उप ऊर्जा मंत्री ने बताया कि रात भर हुए रूसी हमलों के कारण आठ क्षेत्रों में लोगों के पास बिजली नहीं है।
यूक्रेन शांति वार्ता
ये हमले तब हुए जब सोमवार को यूक्रेनी अधिकारियों ने युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका और यूरोपीय देशों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। अमेरिकी प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने वीडियो के जरिए इसमें भाग लिया।
शाम को अपने संबोधन में, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन और उसके सहयोगी देश, 'कोएलिशन ऑफ द विलिंग' यानी ‘यूक्रेन का समर्थन करने वाले देशों के समूह, के तहत बर्लिन में बैठक करेंगे। उन्होंने इस बैठक के लिए कोई तारीख नहीं बताई।
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा, "बातचीत आसान नहीं थी, लेकिन इसका कुछ नतीजा निकला है।"
उन्होंने आगे कहा, "बर्लिन में, 'कोएलिशन ऑफ द विलिंग' के ढांचे के तहत, हम बैठक करेंगे और बातचीत की प्रक्रिया में ठोस संयुक्त कदम उठाने पर काम करेंगे।"
यूक्रेन-रूस कैदी अदला-बदली
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने बेहतर हवाई सुरक्षा की भी मांग की। उन्होंने कहा कि रूस को उत्तर कोरिया से हर महीने दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें मिल रही हैं।
पिछले हफ्ते अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता से हुई बातचीत में, कीव और मॉस्को के बीच कैदियों की बड़े पैमाने पर अदला-बदली को लेकर एक समझौता हुआ।
यूक्रेन के कब्जे वाले इलाकों पर किसका नियंत्रण होगा, यह सवाल अभी भी अनसुलझा है।
