पोप काथोलिक दानदाताओं से : ‘ईश्वर से मिली क्षमताओं का इस्तेमाल एक-दूसरे की सेवा के लिए करें’

पोप लियो14वें ने 'फादिका' काथलिक परोपकार नेटवर्क के सदस्यों से मुलाकात की और सभी से आग्रह किया कि वे ईश्वर द्वारा दी गई अपनी क्षमताओं का उपयोग पूरी कलीसिया की भलाई के लिए करें।

पोप लियो 14वें ने बुधवार को 'काथलिक दानदाताओं के नेटवर्क' 'फादिका’ के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। फादिका का पूरा नाम "फाउंडेशन्स एंड डोनर्स इंटरेस्टेड इन काथलिक एक्टिविटीज" यानी काथलिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले संस्थान और दानदातागण है।

1976 में संयुक्त राज्य अमेरिका में स्थापित, फादिका इस वर्ष कलीसिया का समर्थन करने और जन-कल्याण को बढ़ावा देने के लिए संस्थानों और दानदाताओं को एक साथ लाने के अपने 50 साल पूरे कर रहा है।

पिछले पचास वर्षों से उनहोंने उदारतापूर्वक ऐसे विभिन्न कार्यक्रमों को मजबूत करने और लागू करने के लिए काम किया है जो व्यापक कलीसिया की सहायता करते हैं। इसके कार्यों में काथलिक संगठनों को बच्चों की सुरक्षा और सृष्टि की देखभाल में मदद करने से लेकर, पल्लियों और स्कूलों को सहयोग देना, तथा गरीबी, नस्लीय भेदभाव और मानवीय संकटों का सामना करना शामिल है।

अपने संबोधन में, पोप लियो ने आशा व्यक्त की कि प्रेरितों की समाधियों की यह तीर्थयात्रा प्रतिनिधिमंडल के लिए आध्यात्मिक रूप से फलदायी होगी, और इससे 'पेत्रुस के उत्तराधिकारी' तथा पूरी कलीसिया के साथ उनके संबंध और मजबूत होंगे।

पोप ने बताया कि यह सभा, 1626 में वर्तमान 'संत पेत्रुस महागिरजाघर को समर्पित किए जाने के ठीक 400 साल बाद आयोजित की गई है।

उन्होंने याद दिलाया कि येसु ने पेत्रुस को स्वर्ग के राज्य की चाबियाँ सौंपी थीं, जब गलील के उस विनम्र मछुआरे ने येसु में अपना विश्वास जताते हुए उन्हें "मसीह, जीवित परमेश्वर का पुत्र" स्वीकार किया था।

पोप ने कहा कि प्रेरित पेत्रुस की समाधि पर बना 'संत पेत्रुस महागिरजाघर’ "कलीसिया के विश्वास की निरंतरता का एक जीवंत प्रमाण है। यह उस जीवित परंपरा के प्रति निष्ठा का परिणाम है, जो पहले परम धर्मगुरु से लेकर आज तक चली आ रही है।"

पोप लियो ने 'फादिका’ नेटवर्क द्वारा पूरी कलीसिया के लिए किए जा रहे व्यापक कार्यों का उल्लेख किया। इसमें शिक्षा, सृष्टि की देखभाल और मानवीय गरिमा की रक्षा जैसे क्षेत्रों में 'रोमन कूरिया' की पहलें भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा, "ऐसा करके, आप प्रेरित पेत्रुस की उस सलाह को अमल में ला रहे हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रभु से हमें जो भी वरदान मिले हैं, उनका उपयोग ईश्वर की कृपा के अच्छे प्रबंधकों के रूप में एक-दूसरे की सेवा करने के लिए करें।"

अंत में, पोप लियो 14वें ने 'फादिका' नेटवर्क के दानदाताओं को उनके प्रयासों के लिए दिल से धन्यवाद दिया और उन्हें गरीबों तथा वंचितों की ज़रूरतों का ध्यान रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा, "जिस तरह शुरुआती ख्रीस्तीय समुदाय, विशेष रूप से ज़रूरत के समय, प्रेरित पेत्रुस के लिए प्रार्थना में एकजुट हो जाता था, उसी तरह मैं भी आपसे आध्यात्मिक समर्थन मांगता हूँ, ताकि प्रभु मुझे मेरी 'पेट्राइन मिनिस्ट्री' यानी परमाध्यक्ष के रुप में मेरी सेवा में मज़बूत करते रहें और मेरी सहायता करते रहें।"

hindi Survey Popup Image