सात दिवसीय एआई ट्रेनिंग वर्कशॉप का शुभारंभ
इंदौर, रविवार 19 अक्टूबर: युवाओं को डिजिटल संचार के क्षेत्र में सशक्त बनाने तथा डिजिटल दुनिया में प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतप्रकाशन संचार केंद्र, इंदौर द्वारा 19 से 24 अक्टूबर 2026 तक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कंटेंट क्रिएशन पर एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई।
इस कार्यशाला की विषयवस्तु "सामाजिक सद्भाव के लिए डिजिटल एंबेसडर" है। यह प्रशिक्षण शिविर सतप्रकाशन संचार केंद्र, इंदौर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न राज्यों से कुल 31 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ सतप्रकाशन संचार केंद्र इंदौर के निदेशक फादर माइकल चेरियन द्वारा किया गया। अपने संदेश में उन्होंने प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यमों और सोशल संचार साधनों का सही उपयोग और सत्य का साक्षी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल मंच सत्य और विश्वास की गवाही देने के सशक्त माध्यम हैं तथा इनका उपयोग सत्य, आशा और मानवीय गरिमा के प्रसार के लिए जिम्मेदारीपूर्वक किया जाना चाहिए। अपने सम्बोधन में आगे उन्होंने कहा कि, "ऑनलाइन साझा किया गया प्रत्येक कंटेंट समाज को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। इसलिए आवश्यक है कि हम ऐसा कंटेंट तैयार करें जो शांति, सकारात्मकता और रचनात्मक संवाद को बढ़ावा दे।"
इस प्रशिक्षण शिविर में ग्राफिक डिजाइन, रचनात्मक कंटेंट क्रिएशन, संचार कौशल, मीडिया, लेखन कौशल, जागरूकता, कैमरा संचालन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और AI टूल्स पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को कैनवा सहित विभिन्न एआई-आधारित डिजाइन टूल्स के उपयोग के बारे में बताया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अभ्यास पर विशेष बल दिया जा रहा है। इस दौरान बताया गया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता किस प्रकार रचनात्मकता को बढ़ाने तथा पेशेवर गुणवत्ता बनाए रखते हुए कंटेंट निर्माण की प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाती है।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रशिक्षक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। जिसमें दिल्ली से फादर बाबू जोसेफ एसवीडी और श्री हरनीत सिंह (एआई प्रशिक्षक), इंदौर से फादर एंथोनी स्वामी एसवीडी (डिजिटल मीडिया प्रशिक्षक), महू से श्री सुमित धनराज (संचार और लेखन कौशल प्रशिक्षक), और जबलपुर से फादर थॉमस एंथनी (फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी प्रशिक्षक) प्रतिभागियों के बीच अपने कौशल को साझा करेंगे।
यह एक सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों से सशक्त बनाकर उन्हें प्रभावी डिजिटल एम्बेसडर के रूप में तैयार करने का प्रयास है। आधुनिक संचार तकनीकों को ईसाई मूल्यों के साथ जोड़ते हुए यह पहल ऐसे डिजिटल नेतृत्व का निर्माण करना चाहती है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ डिजिटल संसार में सुसमाचार का प्रभावी प्रचार-प्रसार कर सके।
7 दिवसीय इस एआई प्रशिक्षण शिविर का समापन 24 अक्टूबर शनिवार को होगा। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों को एआई ट्रेनिंग प्रोग्राम के प्रमाण पत्र वितरित किये जायेंगे।
समस्त जानकारी इन्दौर क्रिश्चियन मीडिया फोरम के फादर एंथोनी स्वामी एसवीडी द्वारा दी गई।
