पोप लियोः 'भले समारी की तरह परोपकार और आत्मीयता के प्रति समर्पित रहें’

पोप लियो 14वें ने मोंटेवीडियो में ग्वादालूपे की माता मरियम पल्ली में कासावाले के सामाजिक समुदाय के साथ मुलाकात की। पोप ने भले समारी की कहानी बताते हुए कहा कि हमें 'भले समारी' की तरह परोपकार और आत्मीयता के प्रति समर्पित रहना चाहिए, जिसने दूसरों को विपत्ति में देखकर उदासीन रहने के बजाय, अपने भाई के जीवन की जिम्मेदारी उठाई।

उरुग्वे में अपनी प्रेरितिक यात्रा के दूसरे दिन शनिवार, 7 नवंबर को मोंटेवीडियो में ग्वादालूपे की माता मरियम पल्ली में पोप लियो 14वें ने कासावाले के सामाजिक समुदाय के साथ मुलाकात की। पोप ने मोंटेवीडियो के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल दानियल स्टुर्ला, पल्ली पुरोहित फादर पाब्लो कोइम्ब्रा और श्रीमती कारमेन अल्बाना सान्ज़ को उनके स्वागत-वचनों के लिए धन्यवाद दिया।

पोप ने उनका अभिवादन कर कहा, इस पल्ली में आकर और इतनी कड़ी मेहनत से पूरी की गई परियोजनाओं को देखकर मुझे बहुत खुशी होती है। आप लोगों के बीच रहकर मुझे अपने घर जैसा महसूस होता है और मुझे उन दौरों की यादें ताज़ा हो आती हैं, जो मैंने एक मिशनरी के रूप में अलग-अलग समुदायों में किया था। संत पापा ने अंजेलिका, एलन और काथरीन को धन्यवाद दिया उन्होंने अपना दिल खोलकर हमारे साथ जीवन, आस्था और उम्मीद की जीत की कहानी साझा की।

पोप ने कहा कि यह पल्ली ग्वादालूपे की माता मरियम को समर्पित है जिन्हें मेरे पूर्ववर्तियों ने "लैटिन अमेरिका की संरक्षिका" और "अमेरिका की साम्राज्ञी" घोषित किया था। इस महाद्वीप पर हमारी स्वर्गीय माँ की प्रेमपूर्ण उपस्थिति हमें अपने आस-पास की वास्तविकता से परे देखने, सीमाओं के पार देखने और अपनी दृष्टि ऊपर उठाकर अपने हृदयों को शाश्वत सच्चाइयों के लिए खोलने का निमंत्रण देती है।

पोप ने कहा, “इस पल्ली समुदाय में सीमित साधनों वाले परिवारों के लिए कई घर बनाने की एक परियोजना चलाई गई है। मुझे खुशी है कि 'पेपल फाउंडेशन' के सहयोगियों के माध्यम से मैं इस नेक पहल में अपना योगदान दे सका; उनकी उदारता के लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूँ। वे एक ऐसा सच्चा घर बनें जहाँ आप गरिमा, शांति और आशा के साथ आगे बढ़ सकें, और हमेशा परमेश्वर के प्रेम और निकटता का अनुभव कर सकें।”

भले समारी का दृष्टांत
इसके बाद पोप ने भले समारी का दृष्टांत बताते हुए कहा कि एक यात्री “लुटेरों के हाथ लग गया; उन्होंने उसके कपड़े उतार लिए, उसे बुरी तरह पीटा और अधमरा छोड़कर चले गए।” रास्ते में उस यात्री पर हुआ यह भयानक हमला एक बेहद दुखद और अन्यायपूर्ण घटना थी। उसकी तकलीफ तब और बढ़ गई जब उसे मुसीबत में देखकर भी कुछ लोग बिना रुके आगे निकल गए। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। उम्मीद की एक किरण दिखाई देती है: एक समारी ने उस आदमी को देखा, उसे उस पर तरस आया, वह उसके पास गया, उसके घावों पर मरहम-पट्टी की, उसे एक सराय में ले गया और उसके ठीक होने तक उसकी देखभाल का इंतजाम किया।

पोप ने कहा कि आज भी यही कहानी दोहराई जा रही है—व्यापक असुरक्षा और हिंसा के रूप में, जो दुर्भाग्य से हमारे पड़ोस की शांति और हमारे अपनों की जान के लिए खतरा बन गई है। और अक्सर, समाज इस पर कोई ध्यान नहीं देता। लेकिन, इसका एक दूसरा पहलू भी है: कई संस्थाओं और नेक इरादे वाले लोगों के काम, जो शांति को बढ़ावा देते हैं और जरूरतमंदों को व्यावहारिक मदद पहुँचाते हैं। फादर काचो का निस्वार्थ सेवा से भरा जीवन इसका एक बेहतरीन उदाहरण है। जैसा कि अंजेलिका ने अपने अनुभव में बताया, उन्होंने लोगों के बीच दूरियाँ मिटाईं, रुकावटों को दूर किया और आपसी मेल-मिलाप को बढ़ावा दिया।

हम भला समारी बनें
हमें उस 'भले समारी' की तरह परोपकार और आत्मीयता के प्रति समर्पित रहना चाहिए, जिसने दूसरों को विपत्ति में देखकर उदासीन रहने के बजाय, अपने भाई के जीवन की जिम्मेदारी उठाई। हम इस सच्चाई से आँखें नहीं मूँद सकते कि उरुग्वे में ऐसे बच्चे हैं जो इस डर से स्कूल नहीं जाते कि शायद वे कभी वापस घर न लौट पाएँ। जब हम किसी ऐसी माँ को देखते हैं जिसके पास अपने बच्चों को खिलाने के लिए अन्न नहीं हैं, तो हम अपनी अंतरात्मा की आवाज़ को अनसुना नहीं कर सकते। हम अपने आस-पास के उन बहुत से लोगों को अनदेखा नहीं कर सकते जो कष्ट में हैं, अकेले हैं और असहाय हैं। काथरीन के दिल को छू लेने वाले शब्दों के ज़रिए हमने इस बारे में सीधे उन्हीं से सुना। संत पापा ने कहा कि इतने संसाधनों से समृद्ध देश में, बच्चों को कभी भी भूखे पेट सोने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। सड़कों पर फैली असुरक्षा के कारण, उन्हें अच्छी शिक्षा पाने और एक सम्मानजनक भविष्य बनाने के अवसर से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। और तो और, उन्हें ऐसी हिंसा का शिकार भी नहीं होना चाहिए जिससे उनकी जान ही चली जाए।

पोप ने कहा कि कलीसिया, नागर समाज और राज्य एक साथ काम करना चाहिए: हमें अपनी उदासीनता त्यागनी होगी और आम भलाई की वकालत करनी होगी। एलन ने अपने अनुभव के माध्यम से यही साझा किया है: आज वह दूसरों को वही देता है जो उसने स्वयं प्राप्त किया है। यह हम पर निर्भर है कि हम एक नया शहर बनाने का निर्णय लें जहां किसी को भी बाहर नहीं रखा जाए, या आराम से अपने मामलों में डूबे रहें। जैसा कि संत पापा फ्रांसिस ने ‘फ्रातेल्ली तुत्ती’ में हमें बताया था, "सड़क के किनारे घायल पड़े लोगों को शामिल करने या बाहर करने का निर्णय हर आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक परियोजना को आंकने के लिए एक मानदंड के रूप में काम कर सकता है। प्रत्येक दिन हमें यह तय करना होगा कि हम भला समारी बनें या उदासीन दर्शक बनें"

hindi Survey Popup Image