पोप लियो : 'अगर तकनीक का इस्तेमाल नैतिक तरीके से नहीं किया गया, तो मानवता के लिए बहुत बड़ा खतरा है'
'अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष मंच 2026' में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए, पोप लियो ने जनहित को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि 'अगर तकनीकों और उनके इस्तेमाल को नैतिक सिद्धांतों के अनुसार सही ढंग से नियंत्रित नहीं किया गया, तो मानवता के लिए बहुत बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।'
पोप लियो 14वें ने शनिवार 21 नवम्बर को वाटिकन के कनसिस्ट्री भवन में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष मंच 2026 के प्रतिभागियों से मुलाकात की। इसे इटालियन स्पेस एजेंसी और इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉटिकल फेडरेशन द्वारा बढ़ावा दिया जाता है। इस फोरम में 'इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉटिकल फेडरेशन', 'इटालियन स्पेस एजेंसी' एवं स्पेस पॉलिसी, रिसर्च, साइंस, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन के लिए ज़िम्मेदार मंत्रियों के साथ-साथ दुनिया भर की स्पेस एजेंसियों के प्रमुख भी शामिल है। इस फोरम का विषय है: "आकाश का द्वार: शांति के लिए अंतरिक्ष।"
राजनीतिक और विधायी मंचों पर आपकी आवाज़ की आवश्यकता
पोप ने प्रतिभागियों का अभिवादन कर इस वर्ष के फोरम के आयोजन स्थल के रूप में वाटिकन को चुने जाने की सराहना की। संत पापा ने कहा, “यह फोरम इस अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता को समर्पित है कि बाहरी अंतरिक्ष को किसी भी ऐसे उपयोग या अन्वेषण से बचाया जाए, जिसका उद्देश्य शांतिपूर्ण न हो। मैं इस चिंता से पूरी तरह सहमत हूँ और आशा करता हूँ कि राजनीतिक और विधायी मंचों पर आपकी आवाज़ को वह महत्व मिलेगा, जिसकी वह हकदार है”।
लक्ष्य है सबका भला
पोप ने कहा कि अंतरिक्ष अनुसंधान और मिशन लंबे समय से विभिन्न देशों और संस्कृतियों के लोगों को आपसी सम्मान और सहयोग के माध्यम से एक साथ लाए हैं, और इस तरह, वे मानवता के सबसे बेहतरीन गुणों में से एक साझा भलाई के लिए मिलकर नए लक्ष्यों तक पहुँचने हेतु ज्ञान और अनुभव को साझा करने की क्षमता को उजागर करते हैं।
पोप ने इस बिंदु पर विशेष जोर देते हुए कहा कि 'साझा भलाई' ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए। वास्तव में, यदि तकनीकों और उनके अनुप्रयोगों को नैतिक सिद्धांतों के अनुरूप उचित रूप से नियंत्रित नहीं किया जाता है, तो मानवता के लिए बहुत बड़े जोखिम पैदा हो सकते हैं। जैसा कि समकालीन इतिहास हमें सिखाता है, और जैसा कि आज के समय में वैश्विक स्तर पर 'समग्र पारिस्थितिकी' में आई गिरावट से दुखद रूप से स्पष्ट होता है।
दुनिया के प्रति एक व्यापक दृष्टिकोण की आवश्यकता
पोप ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कि वे अंतरिक्ष का अध्ययन कर लोगों को दुनिया को एक व्यापक दृष्टिकोण से देखने में मदद करते हैं। साथ ही यह समझने में मदद करते हैं कि वे स्वार्थ, जो लोगों को युद्ध करने और सृष्टि का शोषण करने के लिए उकसाते हैं, वास्तव में एक संकीर्ण सोच को दर्शाते हैं—एक ऐसी सोच जो अक्सर सत्ता और धन के मोह से प्रेरित होती है।
पोप अपना संदेश समाप्त करते हुए कहा, “मुझे इस बात की भी खुशी है कि परमधर्मपीठ वाटिकन वेधशाला के विद्वानों के साथ मिलकर, खगोल भौतिकी के क्षेत्र में अनुसंधान में अपना योगदान दे रहा है। मैं आपको हृदय से आशीर्वाद देता हूँ और आपके कार्यों में आपकी पूर्ण सफलता की कामना करता हूँ।”
