पोप : संघर्ष के दौर में संगीत हमें एक-दूसरे के विरूद्ध नहीं होने सिखाती है
वाटिकन में वियना फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा के सदस्यों के साथ एक मुलाकात में, पोप लियो 14वें ने बताया कि कैसे संगीत लोगों को एक साथ लाता है और हमें ईश्वर की ओर ले जाकर हृदय परिवर्तन में मदद करता है।
संघर्ष और तनाव से जूझ रही दुनिया में संगीत हमें सुनना और एक साथ काम करना सिखाता है और हमारा हृदय ईश्वर के लिए खोलना सिखाता है। यह बात संत पापा लियो 14वें ने वियना फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा के सदस्यों से 21 नवम्बर को वाटिकन में कही।
दल के साथ मुलाकात में उन्होंने कहा, “युद्धों और झगड़ों, अविश्वास और सामाजिक तनावों वाले इस समय में, संगीत हमें याद दिलाता है कि मनुष्यों के भाग्य में संघर्ष करनेवाले विरोध में फंसे रहना नहीं लिखा है।”
“यह हमें एक-दूसरे की बात सुनना, दूसरों का ध्यान रखना और साथ मिलकर ऐसा तालमेल बिठाना सिखाता है जिसमें हर कोई अपनी जगह पा सके।”
“शांति की तरह, सच्ची कला भी वास्तव में एक उपहार है जिसे दिलों को बदलने के लिए बांटा जाना चाहिए।”
मशहूर बैंड के सदस्य 21 से 25 नवंबर तक रोम और वाटिकन में होनेवाले 25वें अंतरराष्ट्रीय संगीत उत्सव एवं पवित्र कला में हिस्सा लेने के लिए ऑस्ट्रिया के वियना से आए हैं।
इस साल का उत्सव दुनिया में शांति, वाटिकन में संत पेत्रुस महागिरजाघर के समर्पण की 400वीं सालगिरह और संत फ्रांसिस असीसी की मृत्यु की 800वीं सालगिरह को समर्पित है।
संगीत एक ऐसी भाषा है जो लोगों को जोड़ती है
अपने सम्बोधन में, पोप लियो 14वें ने बताया कि संगीत “एक ऐसी भाषा है जो अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और धर्मों के लोगों तक पहुँचती है और उन्हें जोड़ती है।”
उन्होंने बताया कि एक ऑर्केस्ट्रा में “मानव परिवार की छवि” दिखती है, क्योंकि हर वाद्ययंत्र की अपनी आवाज और भूमिका होती है, लेकिन “एक आम तालमेल” बनाने के लिए उन्हें दूसरों के साथ मिलकर काम करना पड़ता है।
पोप ने जोर देकर कहा, इसके लिए सिर्फ उत्तम तकनीक ही काफी नहीं है बल्कि बढ़कर सुनने की क्षमता और पूरी दुनिया की सेवा में विनम्रता से अपना योगदान देने की भी जरूरत होती है।
तकनीकी के युग में संगीत हमें ईश्वर से जोड़ता है
पोप लियो ने इस बात पर भी जोर दिया कि संगीत का एक और जरूरी काम है कि यह हमें सुंदरता के माध्यम से ईश्वर से जोड़ता है।
उन्होंने याद किया कि 2008 में कैसे उनके पूर्वाधिकारी पोप बेनेडिक्ट 16वें ने वियना फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा को उनके संगीत द्वारा, सुननेवालों के दिलों को छूने और उन्हें मानवीय वास्तविकता से परे ईश्वर की ओर ले जाने के लिए धन्यवाद दिया था।
पोप लियो ने आगे कहा, "खूबसूरती सिर्फ हमारे अस्तित्व की एक सुखद या सुकून देनेवाली चीज नहीं है, क्योंकि यह "जीवन के एक गहरे आयाम को खोलती है और हमें अपने जीवन की सच्चाई एवं ईश्वर के रहस्य की एक झलक देती है" और हमें "खुद से बड़ी सच्चाई से जुड़ने" में मदद करती है।
उन्होंने बताया कि यह अनुभव करना कैसे "कई लोगों के लिए चंगाई" प्राप्त करना हो सकता है और आज हमारे तकनीकी के जमाने में यह खास रूप से जरूरी है।
आपकी कला खुशी लाती रहे
अंत में, पोप ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे संगीत खुशी, दुःख, चाहत या अनन्त के एहसास जैसे “गहरे मानवीय अनुभवों” को दिखाता है, और हमें “आंतरिक शांति” भी प्रदान करता है।
पोप लियो ने वहां मौजूद लोगों से कहा, “संगीत, संस्कृति और इस तरह मानव के लिए आपकी सेवा हेतु धन्यवाद।”
“आपकी कला कई लोगों को खुशी और आराम देती रहे, उम्मीद जगाती रहे और दिलों को सच्चाई, अच्छाई और सुंदर चीजों के लिए खोलती रहे — और उस ईश्वर के लिए भी जिनसे यह शुरू हुई है।”
