पोप ने दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में हिंसा के पीड़ितों के लिए प्रार्थना की
कोलंबिया के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में हिंसक हमलों में बढ़ोतरी के कारण, पोप लियो 14वें ने सभी से किसी भी तरह की हिंसा को नकारने और कई पीड़ितों के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।
पोप लियो14वें ने बुधवारीय आम दर्शन समारोह में स्पानिश बोलने वाले तीर्थयात्रियों का स्वागत करते हुए दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में बढ़ती हिंसा को याद किया।
पिछले शुक्रवार से विद्रोही दलों ने आम लोगों और मिलिट्री बेस पर कम से कम 26 हमले किए हैं, जिसमें दर्जनों लोग मारे गए हैं।
अपने अभिवादन में, पोप ने कोलंबिया के हालात को “दुख और चिंता के साथ” याद किया। उन्होंने “जान माल के गंभीर नुकसान” पर दुख जताया और इलाके में हिंसा के शिकार लोगों के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने कहा, “मैं पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति प्रार्थना में अपनी करीबी महसूस करता हूँ, और मैं सभी से आग्रह करता हूँ कि वे सभी तरह की हिंसा को नकारें और शांति का रास्ता चुनें।”
मई में होने वाले चुनावों से पहले बढ़ती हिंसा
हिंसा की यह घटना कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनावों से पहले हुई है, जो 31 मई को होने वाली हैं।
सरकारी अधिकारियों ने इन हमलों के लिए FARC-EMC नाम के एक ग्रुप को ज़िम्मेदार ठहराया है, जो FARC (रिवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज़ ऑफ़ कोलंबिया) विद्रोही ग्रुप का एक भाग है, जो देश की सरकार के साथ 2016 के शांति समझौते के तहत खत्म हो गया था।
कहा जा रहा है कि इस ग्रुप ने 24 अप्रैल से अब तक कम से कम 26 हमले किए हैं, जिसमें दर्जनों लोग मारे गए हैं।
शनिवार को, कैली और पोपायन शहरों के बीच एक राजमार्ग पर हुए एक जानलेवा धमाके में 21 लोग मारे गए।
विश्लेष्कों के अनुसार, FARC-EMC मई के अंत में राष्ट्रपति चुने जाने वाले किसी भी व्यक्ति के सामने अपनी खतरनाक क्षमता दिखाने और अपनी विश्वसनीयता बनाने की कोशिश कर सकता है।
इसका नेतृत्व नेस्टर वेरा कर रहे हैं—जिन्हें आमतौर पर इवान मोर्डिस्को के नाम से जाना जाता है—जिन्होंने 2016 के शांति समझौते में शामिल होने से इनकार कर दिया था। विद्रोहियों ने काउका और वैले डेल काउका प्रांतों में अपनी मज़बूत पकड़ बना ली है, और वे ड्रग तस्करी के रास्तों और गैर-कानूनी सोने की खदानों पर कब्ज़ा करने के लिए लड़ रहे हैं।
इस ग्रुप ने 2023 के अंत में कोलंबियाई सरकार के साथ शांति वार्ता शुरू की थी, लेकिन अप्रैल 2024 में बातचीत छोड़ दी और सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई फिर से शुरू कर दी।
FARC-EMC ने स्थानीय लोगों को डराने के लिए ड्रोन और कार बम का इस्तेमाल किया है, साथ ही अपनी आय बढ़ाने के लिए इलाके में रहने वाले कई लोगों का अपहरण किया है और उन्हें छुड़ाने के लिए भारी रुपये की मांग की है।
डचाऊ कैंप की आज़ादी की सालगिरह
पोप लियो ने पोलिश तीर्थयात्रियों का अभिवादन कर डचाऊ कैंप की आज़ादी की सालगिरह को याद किया, जो ठीक 81 साल पहले, 29 अप्रैल, 1945 को हुई थी। अमेरिकी सेना ने जर्मनी के म्यूनिख से लगभग बीस किलोमीटर उत्तर-पूर्व में मौजूद प्रताड़ना शिविर को आज़ाद कराया था। अमेरिकी सैनिकों को वहाँ लगभग 30,000 कैदी मिले, जो भूख और बीमारी से थके हुए थे। डचाऊ, नाज़ियों का बनाया पहला प्रताड़ना शिविर था, जो लगभग बारह सालों तक सक्रिय रहा, इस दौरान 40,000 से ज़्यादा लोगों ने अपनी जान गंवाई।
पोप इस ऐतिहासिक घटना की याद करते हुए पोलैंड के विश्वासियों से सभी पवित्र शहीदों से दुआ माँगने के लिए कहा, “आज, डचाऊ के जर्मन नाज़ी कैंप की आज़ादी की सालगिरह पर, आप दूसरे विश्व युद्ध के दौरान पोलिश पुरोहितों की शहादत का दिन मनाते हैं। 20वीं सदी के तानाशाही शासन के शहीदों से धर्माध्यक्षों, पुरोहितों और सेमिनरी के ब्रदरों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करें, खासकर युवाओं के लिए ताकि वे ईश्वर के बुलावे का साहस के साथ जवाब दे सकें।