सीरिया में दशकों तक बंद रहने के बाद दो ख्रीस्तीय स्कूल फिर से खुले

सीरिया के इदलिब प्रांत में 'पवित्र भूमि की देखरेख करने वाले फ्रांसिस्कन मठवासियों द्वारा चलाए जा रहे दो स्कूलों का उद्घाटन किया गया है।

लगभग छह दशकों तक बंद रहने के बाद, सीरियाई ख्रीस्तीय गांवों कानाये और याकूबीह में दो स्कूल फिर से खोले गए हैं।

रविवार, 20 सितंबर को 'पवित्र भूमि की देखरेख करने वाले फ्रांसिस्कन मठवासियों द्वारा इन स्कूलों का उद्घाटन स्थानीय नागरिक और धार्मिक नेताओं की उपस्थिति में किया गया।

शरणार्थी आश्रय से लेकर शिक्षा केंद्र तक
कानाये के पल्ली पुरोहित फादर खुकाज़ मेसरोब ने वाटिकन न्यूज़ को बताया, "ओरोंटेस मिशन के तहत उत्तरी सीरिया में फ्रांसिस्कन मठवासियों ने हमेशा स्कूल खोला है और गांवों में शिक्षा का कार्यभार संभाला है। मठवासियों ने मूल रूप से 1958 में उस स्कूल को खोला था, लेकिन 1972 में इसे हमसे ले लिया गया था।"

फादर मेस्रोब ने याकूबीह के पल्ली पुरोहित फादर लुई बिशारत के साथ पुनर्निर्माण प्रयासों की देखरेख की।

फ़ादर मेस्रोब बताते हैं, "जब सेना उस इलाके से हट गई, तो दस साल तक उस स्कूल का इस्तेमाल लोगों के रहने की जगह के तौर पर किया गया।" अपने गाँव की सेवा करने के लिए वतन लौटने पर, उन्होंने तय किया कि वे वहाँ के लोगों में 'उम्मीद की एक किरण' जगाना चाहते हैं। "हमने खुद से पूछा, 'क्यों न इन इमारतों को फिर से ठीक करना शुरू किया जाए?'"

वे आगे कहते हैं, "हमें हमेशा अच्छे की उम्मीद थी कि बच्चे आखिरकार वापस लौटेंगे।"

पुनर्निर्माण हेतु शिक्षा
एक साल बाद, असद सरकार के गिरने के बाद, बचे हुए शरणार्थी आखिरकार वहां से चले गए, जिससे स्कूलों का बड़े पैमाने पर मरम्मत का काम तेज़ी से शुरू हो सका। फादर मेस्रोब कहते हैं, "कलीसियाई संगठनों,  'प्रो तेर्रा सांता', कस्टडी और फ्रायर्स की मदद से हम 80% स्कूलों को फिर से ठीक करने में कामयाब रहे; इन दोनों स्कूलों का नाम 'तेर्रा सांता' (पवित्र भूमि) है।"

अब स्कूल का पूरा सिस्टम याकूबियेह और कानाये की इमारतों में बंटा हुआ है—याकूबियेह में तीन से दस साल के बच्चे पढ़ते हैं और कानाये में दस से सत्रह साल के छात्र हैं। इस प्रोजेक्ट से स्थानीय परिवारों और युवाओं के लिए रोज़गार के ज़रूरी मौके भी पैदा हुए; इसमें इलेक्ट्रीशियन, बढ़ई, कलाकार और आम मज़दूरों समेत लगभग सौ लोगों को अलग-अलग कामों के लिए रखा गया। आज हमारे पास 25 सक्रिय शिक्षक हैं जो अंग्रेज़ी और गणित से लेकर रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान तक सब कुछ पढ़ाते हैं, और वे सभी 'गाँवों के बच्चे' और ख्रीस्तीय हैं।

स्कूल सभी के लिए
अभी स्कूल में 80 छात्र हैं, लेकिन अगले साल जब मरम्मत का काम पूरा हो जाएगा, तो यहाँ लगभग 300 छात्र आ सकेंगे, जिनमें स्थानीय मुस्लिम परिवारों के बच्चे भी शामिल होंगे। इससे यह संस्थान बातचीत के केंद्र के तौर पर और भी बेहतर ढंग से काम कर पाएगा, जो 'पवित्र भूमि' में फ्रांसिस्कन मिशन की एक खास पहचान है।

फादर मेस्रोब कहते हैं, "फ्रांसिस्कन मिशन का मुख्य मकसद यही है: अच्छे कामों और प्यार भरी बातों के ज़रिए लोगों तक संदेश पहुँचाना। वे आगे कहते हैं, सीरिया में हमारे स्कूल, हमेशा से सभी के लिए खुले रहे हैं।"

उन्हें सीरिया लौटने के बाद की एक मुलाकात याद आती है, जब वे एक स्थानीय मस्जिद के इमाम से मिले थे। इमाम ने बताया कि स्कूल बंद होने से पहले वे 'तेर्रा सांता' स्कूल में पढ़ते थे और उनके के पिता ही उनके अंग्रेज़ी के शिक्षक थे। आज, कई मुसलमान धर्मगुरुओं की देखरेख में बेहतरीन शिक्षा पाने के बाद इन संस्थानों में पढ़ाने के लिए लौट रहे हैं।

फादर मेस्रोब कहते हैं, "फ्रांसिस्कन स्कूल मुस्लिम परिवारों के साथ बातचीत को बढ़ावा देते हैं और बच्चों को दूसरों का ख्याल रखना, इंसानियत का सम्मान करना, दान-पुण्य करना और पड़ोसियों से प्यार करना सिखाते हैं।"

फिर से जन्म लेने का चमत्कार
नये स्कूलों के खुलने से "बहुत खुशी, बहुत उम्मीद और बहुत हिम्मत" मिली है। ऐसे इलाके में जहाँ "हम लगभग खत्म हो चुके थे और निराशा में डूबे थे", वहाँ फिर से शुरुआत करना और "नया जन्म लेना" सचमुच एक चमत्कार है।

उद्घाटन के दौरान, कानाये पल्ली के पल्ली पुरोहित ने कहा, "धार्मिक नेताओं, राजदूतों, सरकारी अधिकारियों, ख्रीस्तियों और मुसलमानों के साथ मिलकर हम एक मोज़ाइक (अलग-अलग टुकड़ों से बनी तस्वीर) की तरह थे। तस्वीर में हर छोटा पत्थर अपनी सही जगह और रंग के साथ मायने रखता है, और अगर कोई पत्थर गायब हो जाए तो उसकी जगह कोई और नहीं ले सकता। जब हम सब एक साथ होते हैं, तो हम उन्हीं पत्थरों की तरह होते हैं।"

शांति का काम
वाटिकन न्यूज़ से बात करते हुए, अलेप्पो (लैटिन समुदाय) के प्रेरितिक विकार, धर्माध्यक्ष हैना जल्लूफ़ ने कहा, "स्कूल देश को फिर से बनाने की मुख्य नींव है।" "शिक्षा के बिना, लोगों का कोई भविष्य नहीं हो सकता। सालों की लड़ाई के दौरान, युवाओं ने सिर्फ़ युद्ध का काम ही सीखा है। हमें यह पक्का करना होगा कि वे शांति और मिल-जुलकर रहने का काम सीखें।"

इस कार्यक्रम में शामिल हुए 'पवित्र भूमि के संरक्षक', फ़ादर फ्रांसेस्को इल्पो ने इस आयोजन के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा: "स्कूल को फिर से बनाने का मतलब सिर्फ़ एक इमारत को दोबारा खड़ा करना नहीं है। इसका मतलब है बच्चों के बढ़ने, सीखने और सपने देखने के लिए एक जगह को फिर से तैयार करना। यह हमारी फ्रांसिस्कन मौजूदगी का सबसे सुंदर रूप है: लोगों के करीब रहना, उनकी मुश्किलों में साथ देना और मिलकर उम्मीद को फिर से जगाना।"

hindi Survey Popup Image