माताओं के दिवस पर पोप लियो ने सभी माताओं के लिए प्रार्थना की

पोप लियो 14वें ने साहेल के पीड़ितों के लिए प्रार्थना की, “कॉप्टिक-काथलिक मैत्री दिवस” पर पोप तवाद्रोस को शुभकामनाएँ भेजीं, कैनरी द्वीप के नागरिकों की तारीफ की, और सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएँ दीं।

स्वर्ग की रानी प्रार्थना के उपरांत संत पापा ने विश्वभर की विभिन्न घटनाओं की याद की और उनके लिए चिंता जतायी।

उन्होंने साहेल में हुए आतंकी हमलों से पीड़ित लोगों के लिए अपनी सहानुभूति प्रकट करते हुए उनके लिए अपनी प्रार्थना का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “मुझे साहेल इलाके में, खासकर चाड और माली में, जहाँ हाल ही में आतंकवादी हमले हुए हैं, हिंसा बढ़ने की खबर सुनकर चिंता हो रही है। मैं आपको पीड़ितों के लिए अपनी प्रार्थनाओं और पीड़ित लोगों के साथ अपनी करीबी का भरोसा दिलाता हूँ। मैं हर तरह की हिंसा खत्म होने की उम्मीद करता हूँ और उस प्यारी भूमि पर शांति और विकास के लिए हर कोशिश को बढ़ावा देता हूँ।”

कॉप्टिक-काथलिक मैत्री दिवस
उसके बाद कॉप्टिक-काथलिक मैत्री दिवस की याद कर पोप ने कहा, “हर साल, 10 मई को "कॉप्टिक-काथलिक मैत्री दिवस" मनाया जाता है। मैं परमाध्यक्ष तवाद्रोस द्वितीय को भाईचारे की शुभकामनाएँ देता हूँ और पूरी प्यारी कॉप्टिक कलीसिया को अपनी प्रार्थनाओं का भरोसा दिलाता हूँ, इस उम्मीद में कि हमारी दोस्ती का सफर हमें मसीह में पूर्ण एकता की ओर ले जाएगा, जिन्होंने हमें "मित्र" कहा है। (यों 15:15)

तत्पश्चात संत पापा ने रोम तथा विश्व के विभिन्न देशों से आए तीर्थयात्रियों का अभिवादन किया! खास तौर पर, उन्होंने इटली के अलग-अलग शहरों से आए "येसु के पवित्र हृदय के गार्ड्स ऑफ ऑनर" दल तथा रेडियो मरिया परिवार से जुड़े "सुसमाचार के स्वयंसेवकों" के साथ-साथ ब्रेस्ट कैंसर की रोकथाम के लिए काम करनेवाले "कोमेन इटालिया" स्वयंसेवक संघ का अभिवादन किया।

कैनरी द्वीप के लोगों की तारीफ
संत पापा ने कैनरी द्वीप के लोगों के गर्मजोशी से स्वागत के लिए शुक्रिया अदा की, जिसने होंडियुस क्रूज जहाज को हैन्टावायरस के मरीजों के साथ बंदरगाह में ठहरने की इजाजत दी। और अपनी आगामी यात्रा की याद करते हुए उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि अगले महीने द्वीप के अपने दौरे के समय मैं आपसे मिल पाऊंगा।

मदर्स डे पर पोप की प्रार्थना
और अंत में माताओं के विश्व दिवस की याद करते हुए पोप ने कहा, “एक विशेष याद आज सभी माताओं के लिए! येसु की माँ और हमारी अपनी माँ मरियम की मध्यस्थता द्वारा, हम हर माँ के लिए स्नेह और कृतज्ञता की भावना के साथ प्रार्थना करते हैं, खासकर उनके लिए जो सबसे मुश्किल हालात में जी रही हैं। धन्यवाद! ईश्वर आपको आशीष दें!

और अंत में उन्होंने सभी को रविवार की शुभकामनाएँ प्रदान की।