भूमध्य सागर के युवा दक्षिण इटली में शांति सभा के लिए एकत्रित हुए
पूरे भूमध्य सागर क्षेत्र के युवा 10 से 14 अगस्त तक दक्षिण इटली, पुलिया में 'कार्ता दी लेउका' के ग्यारहवें संस्करण के लिए मिल रहे हैं, जो बातचीत और भाईचारे को बढ़ावा देने वाली एक अंतरराष्ट्रीय पहल है।
इटली का दक्षिणी पुलिया क्षेत्र भूमध्य सागर में शांति के लिए समर्पित पांच दिनों की मुलाकात, प्रार्थना और चिंतन की मेजबानी कर रहा है।
10 से 14 अगस्त तक, विभिन्न संस्कृतियों और धर्मों के युवा लोग "कार्ता दी लेउका" के ग्यारहवें संस्करण के लिए भूमध्य सागर के तट पर सांता मारिया दी लेउका में एकत्रित हुए हैं, जिसका विषय है : "शांतिपूर्ण दुनिया के लिए शांति का भूमध्यसागर - सौंदर्य, कला और शांति"।
2016 में स्थापित, वार्षिक सभा का उद्देश्य शांति के लिए ठोस प्रतिबद्धता बनाने में मदद करने के लिए भूमध्य सागर के विभिन्न तटों से युवाओं को एकसाथ लाना है।
इस वर्ष भाग लेने वालों में साइप्रस और येरूसालेम के युवा लोगों के साथ-साथ कारितास और अन्य भागीदार संगठनों में शामिल इटालियन युवा भी शामिल हैं। यह सभा 18 से 35 वर्ष की आयु के लोगों के लिए खुली है।
टूटे हुए रिश्तों को ठीक करना
इस साल का प्रोग्राम कार्डिनल पियरबत्तिस्ता बिज़्ज़ाबाल्ला के प्रेरितिक पत्र से प्रेरणा लेता है: वे बहुत खुशी के साथ येरुसालम लौटे।
कार्यक्रम के पहले तीन दिनों में, स्वंयसेवक कार्यशाला करेंगे जिसमें वे टूटे हुए रिश्तों, मतभेदों की अहमियत, दूसरों का स्वागत करने की अहमियत, यादों को ठीक करने और उम्मीद जगाने पर बात करेंगे।
इसमें भाग लेने वाले लोग स्थानीय समुदायों से भी मिलेंगे और वाया फ्रांसिजेना के आखिरी कुछ किलोमीटर पैदल चलकर सांता मारिया दी फिनिबुस टेरा तीर्थालय तक जाएंगे, जिसे पारंपरिक रूप से पूरब और पश्चिम के बीच मिलने की जगह माना जाता है।
इस दौरान होने वाली चर्चाएं कार्ता दी लेउका 2026 के ड्राफ्ट को बनाने में मदद करेंगी, जिस पर मीटिंग के अंत में हस्ताक्षर किए जाएंगे।
यह पहल मोल्फेटा-रुवो-जोविनाज़ो-टेर्लिज़ी के पूर्व धर्माध्यक्ष, आदरणीय डॉन तोनिनो बेल्लो के आध्यात्मिक नक्शेकदम पर चल रही है, जिन्होंने शांति, अहिंसा और गरीबों के साथ एकजुटता को अपनी सेवा का मुख्य आधार बनाया था।
कार्डिनल पिज़्ज़ाबाल्ला प्रतिभागियों से मिलेंगे
येरूसालेम के लैटिन प्राधिधर्माध्यक्ष, कार्डिनल पियरबत्तिस्ता पिज़्ज़ाबाल्ला 13 अगस्त को इस इलाके में आने वाले हैं। वे कार्डिनल पानिको हॉस्पिटल और ट्राइकेस में कासा दी बेतीनिया हॉस्पिस का दौरा करेंगे और वहां पवित्र मिस्सा का अनुष्ठान भी करेंगे। बाद में वे प्रतिभागियों के साथ सांता मारिया डे फिनिबस टेरा महागिरजाघऱ में रखे कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद लैटिन प्राधिधर्माध्यक्ष आदरणीय डॉन तोनिनो बेलो की कब्र पर प्रार्थना करने के लिए एलेसानो जाएंगे। 13-14 अगस्त की रात में, प्रतिभागी युवा लेउका में पवित्र जगह की तीर्थयात्रा पर निकलने से पहले उसी कब्र पर प्रार्थना सभा करेंगे।
14 अगस्त को सुबह 7 बजे नए कार्ता दी लेउका की घोषणा की जाएगी और कार्डिनल पिज़्ज़ाबल्ला महागिराघऱ के बाहर प्रांगण में अंतिम मिस्सा समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
