भारत के पूर्व राजदूत महाधर्माध्यक्ष लेओपोल्दो जिरेली की विदाई

भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन (सीसीबीआई) ने भारत और नेपाल के पूर्व राजदूत महाधर्माध्यक्ष लियोपोल्दो जिरेली को विदाई दी, जिन्होंने 13 मार्च 2021 से 23 अप्रैल 2026 तक भारत में अपनी सेवा पूरी की। विदाई समारोह 23 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली के प्रेरितिक राजदूतावास में सम्पन्न हुआ।

विदाई के कार्यक्रम में सीसीबीआई के अध्यक्ष कार्डिनल फिलिप नेरी फेराओ; उप अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष पीटर मचाडो; दिल्ली के महाधर्माध्यक्ष अनिल कूटो; सिरो मलंकारा कलीसिया के मेजर महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल बेसिलियोस मार क्लीमिस; फरीदाबाद के महाधर्माध्यक्ष कुरियाकोस भरानिकुलंगरा; आगरा के महाधर्माध्यक्ष राफी मंजली; उत्तरी प्रांत के 15 से ज्यादा धर्माध्यक्ष; और सीसीबीआई के उप सेक्रेटरी जनरल डॉ. फादर स्टीफन अलाथारा शामिल हुए। इस अवसर पर अलग-अलग देशों के राजदूत और दिल्ली की कई जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद थीं।

अपने संदेश में, कार्डिनल फिलिप नेरी फेराओ ने भारत में कलीसिया के लिए महाधर्माध्यक्ष जिरेली की समर्पित सेवा के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने विशेषकर गरीबों के लिए उनकी चिंता और कलीसिया एवं समाज में एकता को बढ़ावा देने की उनकी लगातार कोशिशों को याद किया।

महाधर्माध्यक्ष जिरेली ने पोप के प्रतिनिधि के रूप में अपने मिशन कार्य के दौरान सहयोग के लिए भारतीय धर्माध्यक्षों और कलीसिया के नेताओं का दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि भारत में उनकी सेवा चुनौतीपूर्ण और समृद्ध करनेवाली दोनों थी। उन्होंने भारत में कलीसिया को जीवंत और सुंदर बताया, जिसकी पहचान समृद्ध रीति-रिवाजों की परंपराओं और गहरी सांस्कृतिक, भाषाई और जातीय विविधता से है।

कार्डिनल फिलिप नेरी फेराओ ने महाधर्माध्यक्ष जिरेली को एक स्मारक भेंट की। महाधर्माध्यक्ष पीटर मचाडो और महाधर्माध्यक्ष अनिल कूटो ने उन्हें एक पारंपरिक भारतीय शॉल देकर सम्मानित किया। डॉ. फादर स्टीफन अलाथारा ने भारत में लातीनी कलीसिया की ओर से शुक्रिया का एक पत्र दिया।

महाधर्माध्यक्ष लियोपोल्डो जिरेली 24 अप्रैल 2026 को पूर्वी यूरोपीय देश क्रोएशिया में अपना नया परमधर्मपीठीय मिशन संभालने के लिए भारत से विदा हुए।