पोप ने मडागास्कर में चक्रवात पीड़ितों के लिए प्रार्थना की
देवदूत प्रार्थना के उपरांत पोप लियो 14वें ने मडागास्कर के लोगों की याद की जहाँ चक्रवात के कारण करीब 16 000 लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
पोप लियो ने चक्रवात से पीड़ित लोगों को अपना आध्यात्मिक सामीप्य व्यक्त करते हुए कहा, “मैं मडागास्कर के लोगों के करीब हूँ, जो इन दिनों दो प्रकार के चक्रवातों से प्रभावित हैं, जिससे बाढ़ और भूस्खलन हुए हैं। मैं पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए, और उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना करता हूँ जिन्हें गंभीर नुकसान हुआ है।”
चंद्र कैलेंडर के अनुसार 17 फरवरी को नव वर्ष मनाया जाएगा। पोप ने नया वर्ष मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “आनेवाले दिनों में चंद्र नव वर्ष मनाया जाएगा, जिसे पूर्वी एशिया और दुनिया के दूसरे हिस्सों में अरबों लोग मनाते हैं। उम्मीद है कि यह खुशी का उत्सव हमें पारिवारिक रिश्तों और दोस्ती को और गहराई से महसूस करने के लिए हिम्मत देगा; यह घरों और समाज में शांति लाएगा; और एक साथ भविष्य की ओर देखने का मौका देगा, जिससे सभी लोगों के लिए शांति और खुशहाली आयेगी। नए साल की शुभकामनाओं के साथ, मैं सभी के प्रति अपना स्नेह प्रकट करता हूँ, और आप सभी पर ईश्वर की आशीष की कामना करता हूँ।”
तत्पश्चात् पोप ने रोम, इटली तथा विश्वभर से आये सभी तीर्थयात्रियों का अभिवादन किया।
और अंत में, सभी को शुभ रविवार की मंगल कामनाएँ अर्पित की।