कार्डिनल परोलिन ने राज्यों के एआई पर 'अकेले आगे बढ़ने' को लेकर चिंता जतायी

वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल परोलिन ने कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) अधिनियम और यूक्रेन में संघर्ष पर पत्रकारों के सवालों के जवाब दिये।

“आइए, हम रुकें और सच में विचार करें कि कृत्रिम बुद्धिमता और इसके इस्तेमाल के क्या नतीजे हो सकते हैं।”

यह अपील वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन ने 16 सितंबर को इताली संसद में ‘कृत्रिम बुद्धिमता के युग में विश्वास और तर्क’ पर एक सम्मेलन के मौके पर की।

एआई, इसकी क्षमता और इससे मानव एवं आम लोगों की भलाई को होनेवाले खतरे, सम्मेलन में कार्डिनल के भाषण के मुख्य बिन्दु थे, साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मामलों पर पत्रकारों के सवालों के जवाब दिये।

यह हाल ही में खुद बड़े टेक कंपनियों द्वारा एआई नियंत्रण की मांग के साथ शुरू हुआ। पारोलिन ने कहा, “हमें उम्मीद है कि इस तरह के विचार को नैतिक तर्क ही आगे बढ़ाएंगे।”

अकेले आगे बढ़ना
कार्डिनल ने इटली के राष्ट्रपति सेरजो मतरेल्ला की हाल ही में की गई अपील की तारीफ की, जिसमें उन्होंने नई तकनीकी को नियंत्रित करने में राष्ट्रों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की जिम्मेदारी की बात कही थी। उन्होंने कहा कि यह “एक वैश्विक घटना” है जिसमें “सभी की भागीदारी जरूरी है।”

कार्डिनल परोलिन ने कहा, “मेरी चिंता इस बात के लिए है कि कुछ देश ऐसे हैं जो इसे अकेले करना चाहते हैं।” इसके बजाय, “कुछ ऐसे आम नियम बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है जो सच में इस परिस्थिति को नियंत्रित कर सकें।”

उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी लोग “जवाब खोजने के लिए एक साथ आयेंगे,” क्योंकि उन्होंने कहा, “मुझे लगता है, यहाँ मानव का भविष्य सचमुच दांव पर है।”

देशों के बीच सहयोग
जब उनसे संयुक्त राष्ट्र महासभा में उनके हिस्सा लेने और क्या वे इस मौके का इस्तेमाल कृत्रिम बुद्धिमता की देखरेख के लिए एक अंतरराष्ट्रीय बोर्ड बनाने की मांग करने के लिए करेंगे, इस बारे में पूछा गया, तो कार्डिनल ने इस विचार को अधिक तवज्जो नहीं दी।

उन्होंने कहा, “शायद हम इस चरण में तुरंत तकनीकी हल ढूंढनेवाले नहीं हैं।” “वाटिकन आम तौर पर सिद्धांत  तय करता और उन्हें आगे रखता है। फिर सहकारिता की समस्या का समाधान उन लोगों के द्वारा राज्यों और संबंधित निकायों के स्तर पर किया जाएगा।”

एआई का व्यक्तिगत इस्तेमाल
एआई के व्यक्तिगत इस्तेमाल के बारे में पूछे जाने पर, कार्डिनल ने कहा: “आज कृत्रिम बुद्धिमता खुद को थोप रही है, क्योंकि जब आप अपना कंप्यूटर खोलते हैं और कुछ पढ़ने लगते हैं, तो यह आपको पहले से ही एक साराँश देता है।”

उन्होंने कहा कि वे अपने उपदेश तैयार करने के लिए निश्चय ही एआई का इस्तमाल नहीं करते हैं: "कृत्रिम बुद्धिमत्ता पूरी तरह से सिर है, हृदय नहीं। मैं अपने प्रवचनों में थोड़ा दिल लगाने की कोशिश करता हूँ।"

यूक्रेन के लिए वाटिकन की मदद
इसके बाद वाटिकन राज्य सचिव ने यूक्रेन की स्थिति और एक ऐसे संघर्ष में वाटिकन की कूटनीति की भूमिका के बारे में सवालों के जवाब दिए जो लगातार गंभीर होता जा रहा है और यूरोपीय संघ की सीमाओं के करीब बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने स्वीकार किया, "परिणाम सीमित है", लेकिन हम मानवीय कूटनीति के अपने रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। "परमधर्मपीठ की कूटनीति, बोने की कूटनीति है जो फसल पैदा नहीं करती है। इसलिए हम आशा करते हैं कि, बोते रहने से, एक दिन, जब ईश्वर चाहेंगे, हम काट भी सकेंगे।"

'विन-विन' समाधान
कार्डिनल ने कहा कि उनके पास इस बारे में अधिक जानकारी नहीं है कि इतालवी काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन (चेई) के अध्यक्ष कार्डिनल मातेओ जुप्पी, पिछली गर्मियों में यूक्रेन में शुरू किए गए शांति निर्माण मिशन को जारी रखने के लिए रूस कब जाएंगे। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि परमधर्मपीठ अपने मानवीय कामों को जारी रखेगा "इस उम्मीद में कि इससे रास्ते खुल सकते हैं"।

इस बारे में, उन्होंने दोहराया कि मोस्को को अलग-थलग नहीं किया जाना चाहिए और यह जरूरी है कि "कोई ऐसा रास्ता बनाया जाए जहां लोग एक-दूसरे से बात कर सकें", क्योंकि "सिर्फ एक-दूसरे से बात करके ही हल मिल सकता है"। उन्होंने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन की हाल की बातों पर टिप्पणी करने से मना कर दिया कि रूसी अति राष्ट्रवादी यूरोप को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन उम्मीद जताई कि "एक ऐसा मंच मिल सकता है जहां हर कोई सुरक्षित महसूस करे और हर कोई खुशहाली और समृद्धि में आगे बढ़ सके।"

वाटिकन राज्य सचिव ने जोर देकर कहा, “मेरा मानना ​​है कि यही आगे बढ़ने का रास्ता है, ‘विन-विन समाधान’ जिसके बारे में हम अक्सर कूटनीति में बात करते हैं—यानी, ऐसा समाधान जिससे सच में दोनों पक्षों को फायदा हो… और मेरा मानना ​​है कि अगर हम इस दिशा में आगे बढ़ते हैं, तो शायद किसी एक पक्ष को दूसरे पर हावी होने, या एक पक्ष को दूसरे को खत्म करने की जरूरत नहीं होगी।”

hindi Survey Popup Image