पोप की मदद यूक्रेन में रोटी के लिए पंक्ति में खड़े बच्चों तक पहुँची

पोप लियो की मदद को यूक्रेन के परेशान लोगों तक पहुंचाने के लिए, पोप के चैरिटी विभाग के प्रीफेक्ट, महाधर्माध्यक्ष लुइस मारिन दी सन मार्टिन ने जापोरिज्जिया और पोल्दावा का दौरा किया, जहाँ उन्होंने बच्चों पर इसका जबरदस्त असर देखा, जिनमें से कई भूखे हैं और उन्हें अकेले ही गुजारा करना पड़ रहा है।

पोप के चैरिटी विभाग के अध्यक्ष, महाधर्माध्यक्ष लुइस मारिन दी सन मार्टिन ने इस हफ्ते यूक्रेन के जापोरिज्जिया और पोल्दोवा शहरों का दौरा किया। यह उनके मिशन का हिस्सा था ताकि पोप लियो 14वें की मदद लोगों तक पहुँचा सकें और देश को राहत पहुँचाया जा सके।

अध्यक्ष ने शहरों में, रोटी के लिए लाइन में अकेले खड़े बच्चों को देखा, स्कूल के रंगीन क्लासरूम में सामान्य जीवन को फिर से महसूस करनेवालों की खुशी देखी, और स्वयंसेवकों एवं धर्मसंघियों की अथक मेहनत देखी जो युद्ध की क्रूरता के आगे हार मानने को तैयार नहीं हैं।

जापोरिज्जिया में लगभग 2,000 लोग ब्रेड के लिए लाइन में खड़े थे। महाधर्माध्यक्ष 28 अक्टूबर की शाम को लगातार बमबारी के बीच जापोरिज्जिया पहुँचे। पूरी रात शहर में बिना रूके हवाई रेड अलार्म बजते रहे। ड्रोन, मिसाइल धमाकों और दूर से तोपों की आवाजें सुनी जा सकती थीं। कई घरों पर जंग के निशान हैं, धमाकों से खिड़कियाँ टूट गई हैं, जबकि लोग भूख का सामना कर रहे हैं।

पोप के चैरिटी विभाग के प्रमुख के साथ, चैरिटी विभाग के उप सचिव प्रो. मास्सिमो रैली; प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष विस्वाल्दास कुलबोकास; और फादर लिउबोमिर यावोर्स्की तथा कीव के महाधर्माध्यक्ष स्वियातोस्लाव शेवचुक शामिल थे।

खार्किव-जापोरिज्जिया के लैटिन धर्मप्रांत के सहायक धर्माध्यक्ष जान सोबिलो ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

अगले दिन, विभाग के अध्यक्ष ने करूणावान पिता महागिरजाघर में लगभग 100 विश्वासियों के साथ ख्रीस्तयाग अर्पित किया, अल्बर्टाइन पुरोहितों के साथ ब्रेड बांटी, और लाइन में इंतजार कर रहे लोगों को पोप का सामीप्य महसूस कराया।

बच्चों को बहुत जल्दी बड़े होने पर मजबूर होना पड़ रहा है
लगभग 2,000 लोग ब्रेड और डिब्बाबंद खाना पाने के लिए ठंड में बड़े धीरज से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। उनमें औरतें, बुजुर्ग और सबसे बढ़कर, कई बच्चे अकेले खड़े थे, हरेक के हाथ में एक खाली थैला है। बच्चों ने बहुत दुःख झेला है और उन्हें बहुत जल्दी बड़े होने और युद्ध की क्रूर मुश्किलों का सामना करने के लिए मजबूर किया गया है।

अल्बर्टाइन फादर हर हफ्ते लगभग 10,000 लोगों को ब्रेड बांटते हैं। वे इसे पास के एक घर में स्वयंसेवकों की मदद से खुद बनाते हैं।

पिछले साल, पोप लियो 14वें ने प्रेरितिक दानदाता के माध्यम से ब्रेड बनाने के लिए इस्तेमाल होनेवाला ओवन दान किया था। उसी ओवन का इस्तेमाल प्रोटेस्टंट भाई-बहन भी करते हैं, जो उन समुदायों के लिए ब्रेड बनाते हैं जिनकी वे सेवा करते हैं। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि उदारता की कोई सीमा नहीं होती।

hindi Survey Popup Image