जॉर्जिया में पांच फ्रांसिस्कन मिशनरी, धन्य घोषित
पोप लियो 14वें के प्रतिनिधि कार्डिनल फ्रैंक लियो ने सवाना में, पाँच फ्रांसिस्कन प्रेरितों को धन्य घोषित किया। धन्य घोषणा समारोह में मिशनरियों के साक्ष्य, सुसमाचार प्रचार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कलीसिया के लिए उनके स्थायी उदाहरण पर प्रकाश डाला गया।
पोप लियो 14वें के प्रतिनिधि कार्डिनल फ्रैंक लियो ने जॉर्जिया में पाँच फ्रांसिस्कन मिशनरियों को धन्य घोषित किया।
ये पांच मिशनरी 1597 में, वर्तमान अमेरिका जॉर्जिया के तट पर रहने वाले मूल निवासी “ग्वाले” लोगों की सेवा करते हुए शहीद हुए थे। टोरंटो के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल फ्रैंक लियो ने संत पापा 14वें के प्रतिनिधि स्वरूप इस धन्य घोषणा धर्मविधि की अध्यक्षता की।
अपने उपदेश में, कार्डिनल ने उन प्रेरितों का जिक्र किया जो सामूहिक रूप से “जॉर्जिया शहीद” के स्वरूप जाने जाते हैं- पेड्रो डी कॉर्पा, ब्लास रोड्रिग्ज, मिगुएल डी एनोन, एंटोनियो डी बडाजोज़ और फ्रांसिस्को डी वेरास्कोला - को “सुसमाचार के चमकते साक्षी” की संज्ञा दी, जिनके जीवन और मृत्यु की चर्चा कलीसिया में आज भी होती है।
कार्डिनल ने कहा कि ये पाँच फ्रांसिस्कन मिशनरी सोलहवीं सदी के आखिर में स्पेन से इस इलाके में आए थे। उनका लक्ष्य सुसमाचार का प्रचार करना और ग्वाले समुदायों की सेवा करना था। इन प्रेरितों को 1597 के एक विद्रोह में शहीद होना पड़ा। यह विद्रोह तब शुरू हुआ जब पुरोहित पेड्रो डी कोरपा ने ग्वाले समुदाय के नेता जुआनिलो के दूसरी शादी के फैसले का विरोध किया, क्योंकि ख्रीस्तीय धर्म में विवाह को लेकर ऐसी अनुमति नहीं है। यह हिंसा अन्य फ्रांसिस्कन मिशनों तक भी फैल गई, जहाँ उनके चार साथियों को भी मार डाला गया।
जनवरी 2025 में, कलीसिया ने आधिकारिक तौर पर इन पाँचों पुरोहितों को शहीदों का दर्जा दिया। संत पापा फ्रांसिस ने इस संबंध में धन्य घोषित किये जाने के दस्तावेजों की स्वीकृति देते हुए उन्होंने मंजूरी दी थी।
सदियों तक गवाही देने वाला एक साक्ष्य
धन्य घोषणा समारोह के महत्व पर चर्चा करते हुए, कार्डिनल लियो ने जोर देकर कहा कि इन पाँच मिशनरियों को मान्यता मिलना न केवल स्थानीय कलीसिया के लिए एक सम्मान है, बल्कि यह पूरी वैश्विक कलीसिया के लिए एक उपहार है। संत पापा योहन पौल द्वितीय के शब्दों को याद करते हुए, उन्होंने कहा कि शहादत पवित्र आत्मा का एक विशेष वरदान है, और यह पूरी कलीसिया के लिए अनुग्रह और पवित्रता का स्रोत है।
कार्डिलन ने इन धर्मप्रचारकों की गवाही के तीन मुख्य पहलुओं को रेखांकित किया: पवित्रता के लिए वैश्विक बुलावा के प्रति उनका प्रत्युत्तर, दूसरा मानवीय गरिमा, विवाह और परिवार की पवित्रता की सुरक्षा, तथा तीसरा संवाद और सेवा के माध्यम से सुसमाचार प्रचार के प्रति उनकी निष्ठा।
उन्होंने कहा, “इन शहीदों ने सुसमाचार और दूसरों की सेवा हेतु अपने बुलावे को समझा, उन कार्यो में समर्पित उन्होंने अपने को कुर्बान कर दिया। उनका उदाहरण आज हम सभी ख्रीस्तीयों को प्रेरित करता है कि हम मसीह के प्रति निष्ठावान बनें रहें, साथ ही दूसरों के साथ संवाद, सम्मान और सेवा की भावना में एकजुट रहें।
नवीनीकरण और मेल-मिलाप
कार्डिनल लियो ने विश्वासियों को आमंत्रित किया कि वर्तमान समय में शहीदों की गवाही पर चिंतन करें कि यह किस भांति कलीसिया को प्रेरित कर सकती है, खासकर विभाजन और ध्रुवीकरण का सामना करने में।
उन्होंने एकता और सुधार हेतु कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया, “ध्रुवीकरण ईश्वर की ओर से नहीं है।” उन्होंने कहा कि ईश्वर हमें प्रार्थना, मेल-मिलाप और अपने परोपकार के ठोस कार्यों को आगे बढ़ाने हेतु बुलाते हैं।
कार्डिलन लियो ने कहा कि शहीदों का उदाहरण परिवारों, पल्लियों, धार्मिक समुदायों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं को प्रेरित करे, वे सुसमाचार के प्रचार और अपने दैनिक जीवन में सुसमाचार की गवाही हेतु अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत कर सकें। उन्होंने कहा, “आज भी कुछ ऐसी चीजें हैं, जिनके लिए जीना और मरना सार्थक है।”
