दक्षिणी यूरोप में कलीसिया कर रही आग पीड़ितों की मदद
फ्रांस, स्पेन और ग्रीस में भयानक जंगल की आग के विस्तार के बीच स्थानीय कलीसियाएँ लोगों की व्यावहारिक मदद कर रही हैं और बेघर समुदायों को अपने घर और रोज़ी-रोटी खोने के सदमे से उबरने में मदद कर रही हैं।
लाखों लोग बेघर
दक्षिणी यूरोप में फैली जंगल की आग की वजह से लाखों लोग बेघर हो गए हैं, जंगल राख में बदल गए हैं और हज़ारों परिवारों को अपने घर और सामान खोने का सामना करना पड़ रहा है।
दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के जिरोन्ड क्षेत्र में, बताया जाता है कि 50 सालों के अन्तरराल में इस साल लगी आग सबसे भयानक है, जहाँ 2,20,000 से अधिक लोगों को निकाला गया और 240 घर तबाह हो गए हैं। इसी तरह स्पेन के अधिकारियों का कहना है कि माडरिड, एविला, तोलेदो और कास्तेलॉन के आस-पास के इलाकों से करीब 75,000 लोगों को अन्यत्र भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, ख़तरा टल जाने के बाद बचे हुए लोगों को सब कुछ खोने के गहरे सदमे का सामना करना पड़ रहा है।
फ्राँस में कलीसिया
फ्राँसिसी काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के प्रतिनिधि फादर यान ले लाय कहते हैं कि घरों और प्रकृति को जलते हुए देखना इंसान की कमज़ोरी और पर्यावरण पर उसकी निर्भरता की साफ़ याद दिलाता है। सन्त पापा फ्राँसिस के विश्व पत्र लाओदातो सी का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा, प्राकृतिक परिदृश्य के बिगड़ने से परित्याग और एकीकीपन का एहसास हो सकता है। पीड़ित न सिर्फ़ अपना सामान खो देते हैं, बल्कि सामान के साथ-साथ अपनी यादें, काम करने के औज़ार और अपने आस-पास के इलाके से जुड़े अपने निजी इतिहास भी खो देते हैं।
स्पेन में कलीसिया
स्पेन में गेताफे धर्मप्रान्त के प्रवक्ता आल्वारो दे हुआना कहते हैं कुछ लोगों को लगता है उन्होंने अपना सर्वस्व खो दिया है जबकि अन्य लोग उम्मीद को पकड़ने के लिये संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माडरिड के दक्षिण-पश्चिम से निकाले गए लोगों में से कई आप्रवासी परिवार हैं, जिन्हें नहीं पता कि वे घर कब लौटेंगे या उनके बच्चों का भविष्य क्या होगा।
दोनों देशों में कलीसिया संस्थाएँ भोजन, शरण स्थल और मनोवैज्ञानिक सहायता दे रही हैं। विश्वव्यापी काथलिक उदारता संगठन कारितास के कार्यकर्त्ताओं का कहना है कि सबसे बड़ी ज़रूरत लोगों को सुनना है ताकि बचे हुए लोग अपना डर और अनिश्चितता बयान कर सकें। फादर ले लाय के अनुसार, क्षतिपूर्ति और पुनर्वास के लिये समय, मौजूदगी और करीबी की ज़रूरत है।
ग्रीस में
इस बीच, जंगल की आग पूर्व की ओर फैल रही है। ग्रीस में, तेज़ हवाओं की वजह से क्रेते और लेसवोस में बड़ी आग लग गई है जिससे और लोगों को निकालना पड़ रहा है। क्रेते में तीन अग्निशामक कार्यकर्त्ता मारे गए हैं, जिनमें से दो आग की लपटों में फंस गए थे। सैकड़ों लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है तथा अग्निशामक कार्यकर्त्ता घरों, खेतों और जैतून के बागों को नुकसान पहुंचाने वाली आग से लड़ रहे हैं।
