पंचकुई में कृपाओं की माँ मरियम का वार्षिक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न
पंचकुई, 15 फरवरी (रविवार): कृपाओं की माँ मरियम तीर्थ स्थल, पंचकुई में 15 फरवरी को वार्षिक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मध्यप्रदेश तथा आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु तीर्थ स्थल पर उपस्थित हुए और माता मरियम के चरणों में अपनी प्रार्थनाएँ अर्पित कीं। पूरे दिन तीर्थ स्थल का वातावरण प्रार्थना, भजन और आराधना से भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव के दिन मुख्य तीर्थ स्थल में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया था। श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियाँ जलाकर, फूल अर्पित कर तथा व्यक्तिगत और पारिवारिक मनोकामनाओं के लिए विशेष प्रार्थना की। दिन भर विभिन्न समयों पर पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आत्मिक आशीष प्राप्त की।
इस महोत्सव की तैयारी प्रार्थना के साथ 6 फरवरी से प्रारंभ हुई थी, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही 11, 12 और 13 फरवरी को तीन दिवसीय आध्यात्मिक साधना (रिट्रीट) का आयोजन किया गया, जिसमें परमेश्वर के वचन के माध्यम से विश्वासियों को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया गया।
महोत्सव के अवसर पर माता मरियम की प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु भक्ति गीत गाते हुए और प्रार्थना करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे परिसर में अनुशासन, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
अपने संदेश में मुख्य अनुष्ठताओं ने कहा कि माता मरियम का जीवन हम सभी के लिए विश्वास, विनम्रता और आज्ञाकारिता का सर्वोत्तम उदाहरण है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को ईश्वर में दृढ़ विश्वास रखते हुए प्रेम, शांति और एकता का जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
इस महोत्सव को सफल बनाने में झाबुआ धर्मप्रान्त के पुरोहितों, धर्मबहनों, स्वयंसेवकों तथा सभी श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित और अनुशासित रूप से की गई थीं, जिससे दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
इस प्रकार कृपाओं की माँ मरियम, पंचकुई का वार्षिक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, शांति और आध्यात्मिक आनंद के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने सभी श्रद्धालुओं के विश्वास को और अधिक मजबूत किया। यह जानकारी झाबुआ डायोसिस के मीडिया प्रभारी फादर मनीष डामोर द्वारा दी गई।